ट्रंप से उम्मीद: पाकिस्तान ने कश्मीर मुद्दे पर अमेरिका से की स्थायी समाधान की अपील

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत रिजवान सईद शेख ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अपील की है कि वह कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता कर क्षेत्र में शांति बहाल करने में भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप वैश्विक शांति के प्रतीक बनना चाहते हैं, तो कश्मीर से बड़ा परमाणु संकट कोई नहीं है, जहां भारत, पाकिस्तान और चीन – तीनों परमाणु शक्तियां शामिल हैं।
यह अपील ऐसे समय आई है जब 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में एक बार फिर भारी तनाव देखा जा रहा है।
पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भारत-पाक के बीच संभावित संघर्ष को रोकने के लिए हस्तक्षेप की अपील की है।
इस बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैन्य नेतृत्व को जवाबी कार्रवाई के लिए पूरी छूट दे दी है। उन्होंने कहा कि सेना खुद तय करे कि आतंकियों को जवाब कब, कैसे और किस रूप में देना है।
अमेरिका ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करते हुए इस हमले को निंदनीय बताया। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बातचीत कर दोनों पक्षों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की है।





