विदेश

पाकिस्तान ने कराची और लाहौर के हवाई क्षेत्र पर लगाई अस्थायी रोक, भारत की जवाबी कार्रवाई से बढ़ा दबाव

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की सख्त कार्रवाई से पाकिस्तान में खलबली मच गई है। इसी के मद्देनज़र पाकिस्तान ने मई महीने के दौरान कराची और लाहौर के हवाई क्षेत्र के कुछ हिस्सों को हर दिन सुबह 4:00 से 8:00 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया है।

पाकिस्तानी विमानन अधिकारियों ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए यह अस्थायी प्रतिबंध लागू किया है। एक स्थानीय अखबार के मुताबिक, 1 मई से 31 मई तक यह रोक प्रभावी रहेगी, जो संभावित सैन्य तनाव की आशंका को भी दर्शाती है।

हालांकि, पाकिस्तान के नागरिक विमानन प्राधिकरण (CAA) का कहना है कि इस फैसले से वाणिज्यिक उड़ानों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। निर्धारित समय के दौरान उड़ानों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

इससे पहले भारत ने 30 अप्रैल को एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘नोटम’ (Notice to Airmen) जारी किया था। इसके तहत 30 अप्रैल से 23 मई 2025 तक भारत के हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी यात्री और सैन्य विमानों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। यह निर्णय सुरक्षा के लिहाज से लिया गया है।

नोटम एक विशेष संचार प्रणाली है, जिसके जरिए विमानन क्षेत्र से जुड़ी अहम सूचनाएं पायलटों और क्रू को भेजी जाती हैं। यह प्रणाली बेहद सुरक्षित मानी जाती है और इसके जरिए भारत ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने की कोशिश की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button