मनोरंजन

‘Criminal Justice 4’ का टीजर रिलीज, पंकज त्रिपाठी फिर बनेंगे फैंस के चहेते वकील

बॉलीवुड के शानदार अभिनेता पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार माधव मिश्रा के साथ दर्शकों का दिल जीतने आ रहे हैं। उनकी हिट कोर्टरूम ड्रामा सीरीज ‘क्रिमिनल जस्टिस’ के चौथे सीजन का टीजर 29 अप्रैल 2025 को जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है।

‘क्रिमिनल जस्टिस’ के नए सीजन का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब टीजर रिलीज होने के बाद उनकी उत्सुकता और बढ़ गई है। एक बार फिर पंकज त्रिपाठी अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर टीजर को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

टीजर की शुरुआत सुरवीन चावला के सीन से होती है, जहां वह मदद के लिए माधव मिश्रा के दरवाजे पर दस्तक देती हैं। पंकज त्रिपाठी का संवाद, “यह केस इतना आसान नहीं है, जितना दिखता है, वर्ना मेरे पास नहीं आता,” कहानी में गहराई का संकेत देता है। इस बार कहानी एक लव अफेयर और एक रहस्यमयी हत्या के इर्द-गिर्द घूमेगी। टीजर में मोहम्मद जीशान अय्यूब की भी झलक देखने को मिलती है, जो सीजन में रोमांच को और बढ़ाएंगे।

‘क्रिमिनल जस्टिस 4’, जिसका टाइटल ‘एक फैमिली मैटर’ रखा गया है, 22 मई 2025 से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “सीधा और सिंपल तो माधव मिश्रा के सिलेबस में है ही नहीं। अब वह फिर कोर्टरूम में वापसी कर रहे हैं।”

इस सीजन में पंकज त्रिपाठी के साथ सुरवीन चावला, मोहम्मद जीशान अय्यूब, मीता वशिष्ठ, आशा नेगी, श्वेता बसु प्रसाद, खुशबू अत्रे और बरखा सिंह जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। शो का निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है और इसे अप्लॉज एंटरटेनमेंट व बीबीसी स्टूडियोज इंडिया ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button