भारत

पहलगाम आतंकी हमला: जिपलाइन पर सवारी करते समय पर्यटक ने शूट किया खौफनाक वीडियो

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो अहमदाबाद के एक पर्यटक ऋषि भट्ट ने जिपलाइन की सवारी करते हुए अनजाने में रिकॉर्ड कर लिया था। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी।

घटना 22 अप्रैल को बायसरण घाटी में हुई, जब भट्ट अपने परिवार के साथ घूमने आए थे। भट्ट ने बताया कि उनकी पत्नी और बेटा पहले जिपलाइन पर सुरक्षित उतर गए थे। जब उनकी खुद की सवारी शुरू हुई, तभी अचानक गोलियों की आवाजें आने लगीं।

सेल्फी स्टिक से बनाए गए 53 सेकंड के वीडियो में दिख रहा है कि लोग जान बचाकर भाग रहे हैं। एक व्यक्ति जमीन पर गिरता हुआ नजर आता है, जिसे आतंकियों ने गोली मारी थी।

भट्ट ने कहा, “जैसे ही मैं नीचे उतरा, देखा कि आतंकवादी लोगों से उनका धर्म पूछकर गोली मार रहे थे।”

ऋषि भट्ट ने बताया कि वे जल्दी से जिपलाइन से खुद को अलग कर परिवार के पास दौड़े और कुछ अन्य लोगों के साथ एक सुरक्षित जगह पर छिप गए। करीब 8-10 मिनट तक वे वहां छिपे रहे और जब गोलियों की आवाज थोड़ी कम हुई तो सब मिलकर वहां से भाग निकले।

भट्ट ने बताया, “दो आतंकी जमीन पर थे, जो लोगों से धर्म पूछकर गोली मार रहे थे। बाकी आतंकी झाड़ियों में छिपे हुए थे और वहीं से फायरिंग कर रहे थे। गोलियों की संख्या देखकर लगा कि 4-5 आतंकी थे।”

भट्ट ने बताया कि घटना के वक्त वहां सिर्फ स्थानीय पुलिस थी, सेना का कोई जवान नहीं था। हालांकि, हमला शुरू होने के 20 मिनट के भीतर सेना पहुंच गई और सभी पर्यटकों को सुरक्षित पार्किंग एरिया तक ले गई।

भट्ट ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button