भारत की सख्त कार्रवाई से बौखलाया पाकिस्तान, LoC पर फिर सीजफायर तोड़ा

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सख्त कार्रवाइयों से पाकिस्तान की बेचैनी साफ नजर आने लगी है। इसी कड़ी में बीती रात एक बार फिर पाकिस्तान ने कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीजफायर का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। सेना के मुताबिक, 25-26 अप्रैल 2025 की रात पाकिस्तानी चौकियों से बिना किसी उकसावे के हल्की गोलीबारी की गई, जिसका भारतीय सैनिकों ने छोटे हथियारों से प्रभावी जवाब दिया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इससे एक दिन पहले भी LoC पर कुछ इलाकों में पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से फायरिंग की थी। हालांकि उस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई थी। सैन्य सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने हर उकसावे का मजबूती से मुकाबला करते हुए जवाबी कार्रवाई की।
हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तान को आशंका है कि भारत उसकी आतंकी हरकतों का कड़ा जवाब दे सकता है, जिससे वह बौखलाहट में LoC पर सीजफायर उल्लंघन जैसे कदम उठा रहा है।
पहलगाम हमले के तुरंत बाद प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया। साथ ही अटारी स्थित एकीकृत चेक पोस्ट को बंद करने और पाकिस्तान को दी गई सार्क वीजा छूट को समाप्त करने का फैसला किया गया। इसके अलावा भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया है।





