राजनीति

बीजेपी के राजा इकबाल सिंह संभालेंगे दिल्‍ली के मेयर की गद्दी

दिल्ली: भाजपा उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह दिल्ली के नए महापौर चुने गए. आज दिल्‍ली एमसीडी में मेयर पद के लिए वोटिंग हुई. इस दौरान बिना किसी खास विरोध के भारतीय जनता पार्टी के सरदार राजा इकबाल सिंह ने आसान जीत दर्ज की. आम आदमी पार्टी ने पहले ही मेयर पद का चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था. ऐसे में कुल 142 वोट में से इकबाल सिंह के पक्ष में कुल 133 वोट पड़े. वहीं, कांग्रेस पार्टी के उम्‍मीदवार को महज आठ वोट मिले.

 

दिल्ली के नए महापौर चुने जाने पर राजा इकबाल सिंह ने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य दिल्ली की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना, कूड़े के पहाड़ हटाना, जलभराव की समस्या का समाधान करना और दिल्ली के लोगों को सभी बुनियादी और ज़रूरी सुविधाएं प्रदान करना होगा. हम सब मिलकर पूरी लगन और मेहनत से काम करेंगे…”

 

कौन हैं राजा इकबाल सिंह

अकाली राजनीति से आए राजा इकबाल सिंह का बीजेपी में तेजी से उदय हुआ है. उनके ससुर जीटीबी नगर से पार्षद रह चुके हैं. वहीं उनके साले अभी भी अकाली राजनीति में सक्रिय हैं. राजा इकबाल सिंह भी जीटीबी नगर से पार्षद रह चुके हैं. वो सितंबर 2020 तक निगम के सिविल लाइंस जोन के प्रमुख भी रहे. उसी महीने में शिरोमणी अकाली दल ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से कृषि कानूनों के विरोध में समर्थन वापस ले लिया था. इसके बाद अकाली दल ने राजा इकबाल सिंह से उन पदों से इस्तीफा देने को कहा था. लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया था. इसके नौ महीने बाद बीजेपी ने उन्हें उत्तर दिल्ली नगर निगम का मेयर बना दिया. यह वही दौर था, जब दिल्ली में अकाली राजनीति कमजोर हो रही थी और अकाली नेता एक-एक कर बीजेपी में शामिल हो रहे थे. राजा इकबाल सिंह भी उसी समय बीजेपी के हो गए.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button