भारत

भारत लौटे पीएम मोदी, एयरपोर्ट पर उतरते ही NSA डोभाल संग की मीटिंग

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गंवाने के बाद पीएम मोदी सऊदी का दौरा आधा छोड़ आज भारत लौटे. सऊदी अरब से लौटते ही पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर स्थिति का जायजा लिया. एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, विदेश मंत्री (EAM) एस. जयशंकर और विदेश सचिव (FS) के साथ आपात बैठक की और पूरे हालात की जानकारी ली.

 

इस हमले में 26 लोगों की मौत की खबर है. सेंट्रल एजेंसी के सूत्रों ने ये जानकारी दी है. वहीं कई लोग घायल हो गए. घायलों में पर्यटक और स्थानीय लोग शामिल हैं. यह हमला पहलगाम के बैसरन इलाके में हुआ है, जहां आतंकवादियों ने पर्यटकों के एक समूह को निशाना बनाया. इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और हालात की जानकारी ली. पीएम के निर्देश पर गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच गए हैं.

 

पीएम मोदी ने इस हमले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आतंकवाद से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं और घायलों को तुरंत हरसंभव मदद दी जाए. इस आतंकी हमले के चलते पीएम मोदी ने मंगलवार को सऊदी अरब की अपनी दो दिवसीय यात्रा को बीच में ही समाप्त करके स्वदेश लौटने का फैसला किया. पीएम मोदी ने सऊदी अरब द्वारा आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में भाग नहीं लिया और अपनी यात्रा को बीच में ही समाप्त करके देश लौटने का फैसला किया.

 

इससे पहले, पीएम मोदी ने आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं घायल लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है.” उन्होंने कहा, ‘‘इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा…उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा. आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा.”

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button