IPL 2025: लखनऊ ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, टेबल टॉपर गुजरात से टक्कर

लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2025 का 26वां लीग मैच खेला जा रहा है, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना गुजरात टाइटन्स से हो रहा है। सुपर सैटरडे के पहले मुकाबले में लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है। दोनों टीमें बेहतरीन फॉर्म में हैं, जिससे मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए मिचेल मार्श की जगह हिम्मत सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। वहीं गुजरात टाइटन्स ने कुलवंत खेजरोलिया की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया है। फिलहाल पॉइंट्स टेबल में गुजरात टाइटन्स शीर्ष स्थान पर काबिज है, जबकि लखनऊ ने अब तक 5 में से 3 मैच जीतकर अपनी स्थिति मजबूत की है।
गुजरात टाइटन्स को इस मैच में दो बड़े झटके लगे हैं। अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ कगिसो रबाडा निजी कारणों के चलते स्वदेश लौट गए हैं, जबकि ग्लेन फिलिप्स चोटिल होकर पूरे सीज़न से बाहर हो चुके हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित प्लेइंग टीम
ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), एडेन मार्क्रम, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, डेविड मिलर, अब्दुल समद, शार्दुल ठाकुर, आकाश दीप, अवेश खान, दिग्वेश राठी, रवि बिश्नोई और हिम्मत सिंह
गुजरात टाइटन्स की संभावित प्लेइंग टीम
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, राशिद खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और वॉशिंगटन सुंदर/कुलवंत खेजरोलिया
मैच में दोनों टीमों की नजर जीत की लय बरकरार रखने पर होगी, जिससे प्लेऑफ की राह मजबूत की जा सके।





