IPL2025

चेन्नई की बैटिंग ढही, दिल्ली ने फिर बजाया जीत का डंका!

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 के एक अहम मुकाबले में शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स को 25 रन से मात देकर अपना विजयी अभियान जारी रखा। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 158 रन ही बना सकी।

दिल्ली की ओर से अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 51 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 77 रन बनाए। चेन्नई के गेंदबाज खलील अहमद ने सबसे बेहतर गेंदबाजी की और चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 74 रन के अंदर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद विजय शंकर और महेंद्र सिंह धोनी ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने छठे विकेट के लिए 84 रन की नाबाद साझेदारी की, लेकिन जीत दिलाने में नाकाम रहे। विजय शंकर ने 54 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 69 रन बनाए, जबकि धोनी ने 26 गेंदों पर 30 रन की नाबाद पारी खेली।

दिल्ली के गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। विपराज निगम ने दो विकेट चटकाए, जबकि मिचेल स्टार्क, मुकेश कुमार और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली।

चेन्नई की बल्लेबाजी इस मैच में भी फीकी रही। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शिवम दुबे ने 18, डेवोन कॉनवे ने 13, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पांच और रचिन रवींद्र ने मात्र तीन रन बनाए।

इस मैच में चेन्नई ने दो बदलाव किए, जहां जेमी ओवरटन और राहुल त्रिपाठी की जगह डेवोन कॉनवे और मुकेश कुमार को मौका मिला। वहीं दिल्ली की टीम से फाफ डु प्लेसी इस मुकाबले का हिस्सा नहीं थे।

यह दिल्ली की लगातार तीसरी जीत रही, जबकि चेन्नई को लगातार तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले सीएसके को राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ भी हार मिली थी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button