IPL 2025: लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच आज जोरदार मुकाबला

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में आज, 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा। इस हाई-वोल्टेज मैच में दो दिग्गज कप्तान—ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर—आमने-सामने होंगे, जिससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स इस सीजन में अपना तीसरा मुकाबला खेलने उतर रही है। अब तक टीम ने एक मैच जीता है और एक में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, पंजाब किंग्स ने अब तक केवल एक ही मैच खेला है, जिसमें उसे जीत हासिल हुई थी।
अगर दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें, तो अब तक IPL में इनके बीच कुल 4 मुकाबले हुए हैं। इनमें से लखनऊ ने 3 बार जीत दर्ज की है, जबकि पंजाब सिर्फ एक बार ही बाजी मार सका है। लखनऊ सुपर जायंट्स का पंजाब किंग्स के खिलाफ उच्चतम स्कोर 257 और न्यूनतम स्कोर 159 है, जबकि पंजाब का लखनऊ के खिलाफ उच्चतम स्कोर 201 और न्यूनतम स्कोर 133 है।
इकाना स्टेडियम की पिच लाल मिट्टी की बनी हुई है, जो गेंदबाजों को अधिक मदद देती है। मैदान बड़ा होने के कारण बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा। स्पिन गेंदबाजों को इस पिच से अच्छी टर्न मिलेगी, जिससे मध्यक्रम के बल्लेबाजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
अब तक इस मैदान पर खेले गए 14 IPL मैचों में से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 7 बार और पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने 6 बार जीत दर्ज की है। टॉस जीतने वाली टीम को यहां 8 बार जीत मिली है, जिससे यह तय है कि टॉस का इस मैच में अहम रोल रहेगा। आमतौर पर टीमें यहां पहले गेंदबाजी करने का फैसला करना पसंद करती हैं।
मौसम की बात करें तो इस मैच में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन खेल पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। शाम के समय तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि आर्द्रता 21 प्रतिशत होगी और हवा की रफ्तार करीब 6 किमी प्रति घंटे रहेगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG): एडेन मारक्रम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बडोनी, डेविड मिलर, शाहबाज अहमद/एम सिद्धार्थ, शार्दूल ठाकुर, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, आवेश खान, दिग्वेश राठी
पंजाब किंग्स (PBKS): प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टॉयनिस, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्को जान्सेन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, विजयकुमार व्यशक/हरप्रीत बरार





