गाजा में इस्राइली हमले तेज, राफा के निवासियों को खाली करने का आदेश

युद्ध विराम समाप्त होने के बाद इस्राइल ने हमास के खिलाफ अपने हमले तेज कर दिए हैं। गाजा पट्टी में इस्राइली सेना लगातार बमबारी कर रही है। इस बीच, सेना ने गाजा पट्टी के दक्षिणी शहर राफा के बड़े हिस्से को खाली करने का आदेश दिया है। इससे पहले भी इस्राइली सेना ने गाजा शहर के कुछ क्षेत्रों को खाली करने को कहा था, जिनमें जीतून और तेल अल-हवा शामिल थे। इन इलाकों में पहले भी सैन्य अभियान चलाए गए थे।
इस्राइली सेना ने सीमा पर एक रणनीतिक बफर जोन पर कब्जा जमा लिया है और युद्धविराम समझौते के तहत वहां से वापस नहीं लौटी है। इस्राइल का कहना है कि हथियारों की तस्करी रोकने के लिए उसे इस क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बनाए रखने की आवश्यकता है।
पिछले सप्ताह इस्राइल ने हमास के साथ युद्धविराम समाप्त कर दिया था, जिसके बाद गाजा पट्टी में भारी हवाई और जमीनी हमले शुरू कर दिए गए। इन हमलों में सैकड़ों फलस्तीनी मारे गए हैं। इस्राइल ने कहा है कि जब तक हमास शेष 59 बंधकों को मुक्त नहीं कर देता, तब तक सैन्य दबाव जारी रहेगा। इसके साथ ही, इस्राइल की मांग है कि हमास निरस्त्र हो और उसके शीर्ष नेताओं को निर्वासन में भेजा जाए। दूसरी ओर, हमास का कहना है कि जब तक इस्राइल गाजा से पूरी तरह नहीं हटता और स्थायी युद्धविराम लागू नहीं करता, तब तक वह बंधकों को रिहा नहीं करेगा।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक नए घरेलू सुरक्षा प्रमुख की नियुक्ति की है। उन्होंने मौजूदा सुरक्षा प्रमुख को बर्खास्त करते हुए पूर्व नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल एली शारविट को इस पद पर नियुक्त किया है। इससे पहले नेतन्याहू ने शिन बेट प्रमुख रोनेन बार को पद से हटा दिया था, क्योंकि वह हमास के 7 अक्टूबर 2023 के हमलों और युद्धविराम वार्ता को लेकर असहमति जताते थे। इस फैसले की आलोचना करते हुए कई लोगों ने कहा है कि इससे इस्राइल के स्वतंत्र संस्थानों की स्थिति कमजोर हुई है।
इस्राइल पुलिस ने कतर और प्रधानमंत्री नेतन्याहू के कार्यालय के बीच कथित संबंधों की जांच के तहत दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी पहचान उजागर नहीं की है, लेकिन जांच उन आरोपों को लेकर हो रही है कि कतर ने नेतन्याहू के लिए जनसंपर्क अभियानों का प्रबंधन करने के लिए कुछ लोगों को काम पर रखा था।





