ताज़ा खबरेंभारत

नागपुर में शांति बहाली की कोशिशें जारी, पुलिस ने कर्फ्यू में दी आंशिक राहत

हाल ही में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म के बाद औरंगजेब को लेकर छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस विवाद की आंच अब नागपुर स्थित औरंगजेब की कब्र तक पहुंच गई है, जिसके चलते बीते दिनों शहर में हिंसा भड़क उठी थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 11 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया था।

नागपुर पुलिस ने हालात की समीक्षा के बाद नंदनवन और कपिलनगर थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू पूरी तरह हटा दिया है। वहीं, अन्य प्रभावित इलाकों में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक कर्फ्यू में आंशिक छूट दी गई है।

पुलिस ने बताया कि लकड़गंज, पाचपावली, शांतिनगर, सक्करदरा, इमामवाड़ा और यशोधरानगर इलाकों में 20 मार्च 2025 से दो घंटे की छूट दी जाएगी, ताकि लोग जरूरी सामान खरीद सकें और जनजीवन सामान्य हो सके। हालांकि, शाम 4 बजे के बाद कर्फ्यू फिर से प्रभावी रहेगा। वहीं, कोतवाली, तहसील और गणेशपेठ थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू अगले आदेश तक जारी रहेगा।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि कर्फ्यू के आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय दंड संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। हिंसा को देखते हुए औरंगजेब की कब्र के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने इसे तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में ले लिया है:

1. संगमरमर की जाली: कब्र के चारों ओर सफेद संगमरमर की जाली लगाई गई है।

2. लोहे की फेंसिंग: सुरक्षा के दूसरे स्तर पर लोहे की तारबंदी कर दी गई है।

3. ऊंची टिन की दीवार: कब्र के चारों ओर करीब 15 फीट ऊंची टिन की दीवार खड़ी कर दी गई है, ताकि कोई भी वहां तक न पहुंच सके।

स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button