गाजा में फिर बरपा इस्राइली कहर, 24 घंटे में 450 से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत

गाजा पट्टी में इस्राइल और हमास के बीच जारी संघर्ष ने एक बार फिर भयावह रूप ले लिया है। बुधवार रात इस्राइली हवाई हमलों में कम से कम 58 फिलिस्तीनियों की जान चली गई, जबकि इससे एक दिन पहले मंगलवार को 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी थी। इस्राइल ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस और राफा शहरों के साथ-साथ उत्तरी गाजा के बेइत लाहिया में भीषण बमबारी की, जिससे चारों ओर तबाही का मंजर फैल गया।
मंगलवार को इस्राइल ने एक बार फिर गाजा पर भीषण हमले शुरू कर दिए, जिससे संघर्षविराम औपचारिक रूप से खत्म हो गया। यह युद्धविराम कुछ समय के लिए लागू किया गया था ताकि दोनों पक्षों के बीच शांति वार्ता हो सके और हमास के कब्जे से दो दर्जन से अधिक बंधकों की रिहाई सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, इस्राइल ने हमास पर समझौते को ठुकराने और संघर्ष विराम तोड़ने का आरोप लगाया है।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को हुए इस्राइली हमलों में 400 से अधिक फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत हुई, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल थे। रिहायशी इलाकों पर हुई बमबारी से घर मलबे में तब्दील हो गए, अस्पतालों में घायल लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, और कई जगहों पर शवों को दफनाने तक की जगह नहीं बची।
अब तक हमास की ओर से किसी बड़े रॉकेट हमले या जवाबी कार्रवाई की सूचना नहीं है, लेकिन गाजा में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के लिए भोजन, पानी और दवाओं की किल्लत भी गहरा गई है, जिससे मानवता पर संकट के बादल और गहरे होते जा रहे हैं।





