उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सीने में दर्द के बाद AIIMS में भर्ती

भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (73) को रविवार सुबह दिल्ली के AIIMS अस्पताल में कार्डियक विभाग में भर्ती कराया गया। उन्हें देर रात सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई थी, जिसके बाद त्वरित चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
धनखड़ को रात करीब 2 बजे AIIMS लाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। फिलहाल, उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उपराष्ट्रपति का इलाज AIIMS के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव नारंग की देखरेख में हो रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी सेहत पर करीबी नजर बनाए हुए है। इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी AIIMS पहुंचे और डॉक्टरों से धनखड़ के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
यह पहली बार नहीं है जब उपराष्ट्रपति को अस्पताल में भर्ती कराया गया हो। साल 2021 में, जब वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, तब मलेरिया होने के कारण उन्हें AIIMS दिल्ली में भर्ती किया गया था। जगदीप धनखड़ भारत के 14वें उपराष्ट्रपति हैं। इससे पहले, वह पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रह चुके हैं। उनका जन्म 18 मई 1951 को राजस्थान में हुआ था। उन्होंने अपना राजनीतिक सफर 1989 में झुंझुनू लोकसभा सीट जीतकर शुरू किया।
धनखड़ 1990 में संसदीय कार्य राज्य मंत्री बने। 1993 में उन्होंने राजस्थान विधानसभा चुनाव जीता। वह पी. वी. नरसिम्हा राव सरकार में कांग्रेस में शामिल हुए थे, लेकिन बाद में बीजेपी का दामन थाम लिया। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है, और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।





