न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली के “विराट” आंकड़े, फाइनल में रच सकते हैं इतिहास

ICC Champions Trophy 2025 का फाइनल 9 मार्च रविवार को दुबई में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने जा रहा है. इस फाइनल मुकाबले में आखिर किस टीम की जीत होगी इसे लेकर फैंस के मन मे काफी उथल-पुथल है. साथ ही फैंस की उम्मीदें भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर टिकीं हुई हैं. सबको उम्मीद है कि विराट अपना फॉर्म बरकरार रखेंगे और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
भारत ने लीग मैच में न्यूजीलैंड को दुबई में 44 रनों से हराया था हालांकि कोहली ग्रुप स्टेज के मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सके लेकिन इसके बावजूद वनडे में उनका कीवी टीम के खिलाफ रिकॉर्ड काफी बेहतर देखने को मिलता है. वहीं विराट कोहली के पास फाइनल मुकाबले में सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ने का मौका होगा.
विराट कोहली 95 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास
विराट इस चैंपियंस ट्रॉफी के साथ एक और रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए हैं. भारतीय टीम की तरफ न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम पर है, जिन्होंने कीवी टीम के खिलाफ 42 वनडे मैचों की 41 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 46.05 के औसत से कुल 1750 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतकीय और 8 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं. वहीं विराट कोहली अब इस दौड़ में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. बता दें कि विराट अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 32 मैच खेल चुके हैं और उन्होंने 32 पारियों में 57.10 के औसत से 1656 रन बनाए हैं. ऐसे में 9 मार्च को दुबई में होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड महामुकाबले में कोहली यदि 95 रन और बनाने में कामयाब होते हैं तो वह भारत की तरफ से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे.
जानकारी के लिए बता दें कि कोहली अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 शतकीय और 9 अर्धशतकीय पारियां खेल चुके हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी
- सचिन तेंदुलकर – 1750 रन
- विराट कोहली – 1656 रन
- वीरेंद्र सहवाग – 1157 रन
- मोहम्मद अजहरुद्दीन – 1118 रन
- सौरव गांगुली – 1079 रन





