ताज़ा खबरेंमनोरंजन

एनसीडब्ल्यू की सख्ती, रणवीर और अपूर्वा से अभद्र टिप्पणियों पर पूछताछ

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स रणवीर अल्लाहबादिया, आशीष चंचलानी, समय रैना और अपूर्वा मखीजा को कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में माता-पिता पर की गई कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने तलब किया था।

आज 6 मार्च को रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा मखीजा के साथ शो के निर्माता सौरभ बोथरा और तुषार पुजारी राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुए। इस दौरान रणवीर और अपूर्वा के वकील भी मौजूद रहे। आयोग के अधिकारी फिलहाल दोनों से विवादित टिप्पणियों को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। इससे पहले, NCW ने रणवीर अल्लाहबादिया की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए मामले पर सख्त रुख अपनाया था। 

एनसीडब्ल्यू ने इस मामले में रणवीर, अपूर्वा, समय रैना, आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह समेत कई कंटेंट क्रिएटर्स को समन भेजा था। रणवीर ने जान से मारने की धमकियों का हवाला देते हुए पेशी के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, जिसे आयोग ने स्वीकार कर लिया। इसके अलावा, अपूर्वा मुखीजा ने वर्चुअल रूप से पेश होने की मांग की थी, जिसे खारिज कर दिया गया।

मुंबई और असम पुलिस की टीमें रणवीर का बयान दर्ज करने उनके घर पहुंचीं, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थे। बाद में, उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर जांच में सहयोग की बात कही।

इससे पहले, यूट्यूबर आशीष चंचलानी गुवाहाटी पुलिस क्राइम ब्रांच के सामने पेश हुए थे और अपना बयान दर्ज कराया था। उनकी कानूनी टीम ने एफआईआर को खारिज करने या मामले को मुंबई स्थानांतरित करने के लिए याचिका दायर की है।

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में रणवीर को फटकार लगाई थी और उनके शो द रणवीर शो पर अस्थायी रूप से पाबंदी लगा दी थी। रणवीर ने कोर्ट में अर्जी दी कि उनके शो से 280 लोगों की आजीविका जुड़ी है, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ शो को फिर से ऑन एयर करने की अनुमति दी और मर्यादा बनाए रखने की हिदायत दी।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब इंडियाज गॉट लैटेंट शो के दौरान रणवीर अल्लाहबादिया ने एक कंटेस्टेंट के माता-पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। मामला बढ़ने के बाद देशभर में शो के खिलाफ कई केस दर्ज हुए। आलोचनाओं के बाद, रणवीर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी, और शो के होस्ट समय रैना ने अपने यूट्यूब चैनल से इससे जुड़े सभी वीडियो हटा दिए थे। मामले की जांच अभी जारी है।

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button