भारत-बेल्जियम रक्षा सहयोग पर नई पहल: राजनाथ सिंह ने की राजकुमारी एस्ट्रिड और रक्षा मंत्री थियो फ्रेंकेन से मुलाकात

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार (3 मार्च) को दिल्ली में बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड और रक्षा मंत्री थियो फ्रेंकेन के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, खासतौर पर भारत-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके साथ ही, रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी बातचीत हुई।
राजनाथ सिंह ने भारतीय रक्षा उद्योग में बेल्जियम के बढ़ते निवेश का स्वागत किया और सुझाव दिया कि बेल्जियम की कंपनियां भारतीय आपूर्तिकर्ताओं को अपनी सप्लाई चेन में शामिल करें। दोनों देशों ने संस्थागत रक्षा सहयोग तंत्र स्थापित करने पर सहमति जताई, जिससे भविष्य में रक्षा साझेदारी और मजबूत होगी।
बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड और रक्षा मंत्री थियो फ्रेंकेन से मिलकर खुशी हुई। हमने क्षेत्रीय सुरक्षा और भारत-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।”
It was a pleasure to meet Princess Astrid of Belgium and my counterpart Mr Theo Francken in New Delhi.
We discussed issues related to the regional security and the possibility of defence engagements in the Indo Pacific.
Also, we deliberated on ways and means to enhance defence… pic.twitter.com/6pfkGI1TQm
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) March 3, 2025
बेल्जियम के राजा फिलिप की बहन राजकुमारी एस्ट्रिड 2 से 8 मार्च तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनके भारत आगमन पर स्वागत किया। अपनी यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, राजकुमारी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत कई राज्यों का दौरा करेंगी।





