फिल्म ‘कन्नप्पा’ का दूसरा टीजर रिलीज, 5 सेकंड की झलक में प्रभास ने लूटी महफिल

साल 2025 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक ‘कन्नप्पा’ का दूसरा टीजर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म को विष्णा कुमार सिंह ने डायरेक्ट किया है, और इसमें लीड रोल में विष्णु मांचू नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म में साउथ सुपरस्टार प्रभास और बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
टीजर की शुरुआत एक महिला के संवाद से होती है, जो चेतावनी देती है कि संकट निकट आ गया है और कबीला खतरे में है। इसके बाद घुड़सवारों की एंट्री और युद्ध के दृश्य नजर आते हैं। तभी स्क्रीन पर विष्णु मांचू की दमदार एंट्री होती है, जो दुश्मनों से टकराते और अपने कबीले की रक्षा करते नजर आते हैं।
टीजर में कुछ सेकंड के लिए अक्षय कुमार की झलक भी देखने को मिलती है। वह भगवान शिव के रूप में नजर आ रहे हैं, लेकिन उनका कोई डायलॉग नहीं है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि कहानी में उनका किरदार किस तरह जुड़ा होगा। टीजर के आखिरी 5 सेकंड में प्रभास की एंट्री होती है, और उनकी मौजूदगी ही सोशल मीडिया पर धूम मचा देती है। दिलचस्प बात यह है कि प्रभास का कोई डायलॉग भी नहीं है, लेकिन उनके प्रभावशाली लुक और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों को दीवाना बना दिया है।
हाल ही में मुंबई में फिल्म से जुड़ा एक इवेंट आयोजित किया गया था, जिसमें विष्णु मांचू, अक्षय कुमार समेत कई कलाकार शामिल हुए थे। इसी दौरान अक्षय ने खुलासा किया कि उन्होंने इस फिल्म का ऑफर दो बार रिजेक्ट किया था। लेकिन बाद में विष्णु मांचू के समझाने पर वह इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए तैयार हो गए। ‘कन्नप्पा’ 25 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को एम. मोहन बाबू ने प्रोड्यूस किया है। अब देखना होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है।





