महाकुंभ 2025: संगम स्नान से वंचित श्रद्धालुओं के लिए योगी सरकार की अनूठी पहल, सभी जिलों में पहुंचेगा पवित्र जल

महाकुंभ 2025 में ऐतिहासिक आस्था का नजारा देखने को मिला, जब 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। लेकिन जो लोग किसी कारणवश इस महाकुंभ में नहीं पहुंच सके, उनके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अनूठी पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब प्रदेश के सभी 75 जिलों में संगम का पवित्र जल पहुंचाया जा रहा है, ताकि हर श्रद्धालु इस पुण्य स्नान का लाभ उठा सके।
इस कार्य की जिम्मेदारी अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग को सौंपी गई है, जिसकी कमान अपर पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान ने संभाली है। उनके निर्देश पर प्रदेश के 75 जिलों से आई दमकल गाड़ियों का जल खाली कराकर उनमें संगम का पवित्र जल भरा गया और इसे श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए रवाना किया गया।
इससे पहले, राज्य सरकार ने प्रदेश की जेलों में बंद 90,000 से अधिक कैदियों और बंदियों को भी संगम जल से स्नान का अवसर उपलब्ध कराया था। अब इस पहल को और व्यापक रूप देते हुए राज्य के सभी जिलों में 5 लाख लीटर से अधिक संगम जल भेजा जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रमोद शर्मा के अनुसार, महाकुंभ के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से 300 से अधिक दमकल गाड़ियां प्रयागराज बुलाई गई थीं। प्रत्येक दमकल में लगभग 5,000 लीटर जल भरा जा सकता है, जिसके माध्यम से संगम का 5 लाख लीटर से अधिक पवित्र जल प्रदेशभर में भेजा गया है।
अब जिला प्रशासन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस जल को श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का कार्य करेगा, ताकि जो लोग महाकुंभ में स्नान से वंचित रह गए, वे भी इस पवित्र अवसर का लाभ उठा सकें। धार्मिक और आध्यात्मिक रूप से ऐतिहासिक महाकुंभ 2025 में उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल आस्था और श्रद्धा के प्रति एक अभिनव प्रयास के रूप में देखी जा रही है।





