“दुनियाभर के लोग भारत आना चाहते हैं…”: NXT कॉन्क्लेव 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “दुनियाभर के लोग भारत आना चाहते हैं और भारत को जानना चाहते हैं. आज भारत दुनिया का वो देश है, जहां हर दिन सकारात्मक खबरें बन रही हैं. जहां हर दिन नए रिकॉर्ड बन रहे हैं. 26 फरवरी को प्रयागराज में एकता का महाकुंभ संपन्न हुआ. दुनिया इस बात से हैरान है कि कैसे करोड़ों लोग एक नदी तट पर बसे एक अस्थायी जगह पर पवित्र स्नान करने के लिए आते हैं. दुनिया भारत की संगठन और नवाचार कौशल को देख रही है. दुनिया इस भारत को विस्तार से जानना चाहती है…”
भारत मंडपम में NXT कॉन्क्लेव 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कुछ महीने पहले ही, भारत ने दुनिया के सबसे बड़े चुनाव कराए हैं. 60 साल बाद ऐसा हुआ जब भारत में कोई सरकार लगातार तीसरी बार वापस लौटी है. इस जन-विश्वास का आधार पिछले 11 साल में भारत की अनेकों उपलब्धियां हैं. मुझे विश्वास है कि आपका नया चैनल भारत की वास्तविक कहानियां दुनिया तक पहुंचाएगा. बिना कोई रंग दिए आपका ग्लोबल चैनल, भारत की वैसी ही तस्वीर दिखाएगा, जैसा वो है. हमें मेकअप की जरूरत नहीं है. कई साल पहले मैंने वोकल फॉर लोकल और लोकल फॉर ग्लोबल का विजन देश के सामने रखा था. आज हम इस विजन को सच्चाई में बदलते हुए देख रहे हैं. आज हमारे आयुष प्रॉडक्ट्स और योग, लोकल से ग्लोबल हो गए हैं. आज भारत के सुपरफूड, हमारा मखाना, लोकल से ग्लोबल हो रहा है. भारत के मिलेट्स-श्रीअन्न भी, लोकल से ग्लोबल हो रहे हैं. भारत, दुनिया का सातवां सबसे बड़ा कॉफी एक्सपोर्टर बन गया है.
भारत मंडपम में NXT कॉन्क्लेव 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, q/3 4 अंग्रेज़ों ने 150 साल पहले एक कानून बनाया था – ड्रामेटिक परफॉरमेंस एक्ट. ये कानून आज़ादी के 75 साल बाद तक लागू था. इसका मतलब है कि अगर शादी में 10 से ज़्यादा लोग नाच रहे हैं तो पुलिस दूल्हे के साथ-साथ उन्हें भी गिरफ़्तार कर सकती थी. हमारी सरकार ने उस कानून को खत्म कर दिया. मुझे उस समय की सरकार और नेताओं से कुछ कहना नहीं है, लेकिन मुझे ज्यादा तो ये लुटियन जमात पर आश्चर्य हो रहा है, ये खान मार्केट गैंग पर आश्चर्य हो रहा है. ये लोग 75 साल तक ऐसे कानून पर चुप क्यों थे?…ये हमारी सरकार है जिसने गुलामी के कालखंड के कानून को खत्म किया…





