विक्की कौशल की ‘छावा’ में अजय देवगन की एंट्री! लेकिन इस बार रोल कुछ अलग…

विक्की कौशल की स्टारर फिल्म ‘छावा’ के लिए मंच पूरी तरह तैयार है। 14 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म में विकी कौशल छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों को प्रभावित कर चुका है, और अब एक और बड़ी खबर सामने आई है—फिल्म में अजय देवगन की एंट्री हो चुकी है!
हाल ही में आई पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन फिल्म में कोई किरदार नहीं निभा रहे हैं, बल्कि उनका काम कुछ और ही है। अजय देवगन ने फिल्म में वॉइस ओवर किया है, जिससे इसकी भव्यता और बढ़ जाएगी। डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर और प्रोड्यूसर दिनेश विजन ने बिना देर किए इस फैसले पर हामी भर दी थी।
अजय देवगन की आवाज हमेशा से ही दमदार और प्रभावशाली मानी जाती है। उनकी गहरी और शक्तिशाली आवाज किसी भी फिल्म में एक्स्ट्रा इमोशन जोड़ने का काम करती है। इससे पहले वह ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ में मराठा योद्धा की भूमिका निभा चुके हैं, और उनकी आवाज का जादू दर्शकों पर साफ नजर आया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अजय देवगन ने पिछले हफ्ते ही अपने वॉइस ओवर की डबिंग पूरी कर ली है। इस वक्त वह अपनी अपकमिंग फिल्मों की तैयारियों में व्यस्त हैं। 2023 में उनकी कई फिल्में रिलीज हुई थीं, लेकिन ‘शैतान’ को छोड़कर कोई भी खास कमाल नहीं कर पाई।
फिल्म की एडवांस बुकिंग शानदार रही है, जिससे यह संकेत मिलता है कि यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छी ओपनिंग कर सकती है। अब, अजय देवगन की वॉइस ओवर एंट्री इस फिल्म को और भी भव्य और प्रभावशाली बनाने वाली है।
अब देखने वाली बात होगी कि क्या ‘छावा’ दर्शकों को उतना ही प्रभावित कर पाएगी, जितना इसके ट्रेलर और स्टारकास्ट ने किया है?





