दिल्ली में अब ‘आपदा’ की लूट और झूठ नहीं चलेगा…: PM मोदी का AAP पर पलटवार

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया था. आज दिल्ली की एक चुनावी रैली में जहरीली पानी के मुद्दे पर पीएम मोदी ने AAP पर जोरदार पलटवार किया. उन्होंने कहा, दिल्ली कह रही है कि अब ‘आपदा’ की लूट और झूठ नहीं चलेगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “ये दृश्य दिल्ली के मूड को दर्शाता है, ये दिल्ली के जनादेश को दर्शाता है. दिल्ली कह रही है कि अब ‘आपदा’ के बहाने नहीं चलेंगे, ‘आपदा’ के झूठे वादे नहीं चलेंगे. दिल्ली कह रही है कि अब ‘आपदा’ की लूट और झूठ नहीं चलेगा. यहां के लोग भाजपा की ऐसी डबल इंजन वाली सरकार चाहते हैं जो गरीबों के लिए घर बनाएगी, दिल्ली को आधुनिक बनाएगी, जो हर घर नल से जल पहुंचाएगी, टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाएगी, इसलिए आज पूरी दिल्ली कह रही है कि 5 फरवरी आएगी, आपदा जाएगी, भाजपा आएगी.”
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “…दिल्ली में बनने वाली भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा करेगी. मैं फिर दोहराता हूं 8 तारीख के बाद जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी तो आपसे किए गए सभी वादे समय सीमा के अंदर पूरे किए जाएंगे, यह मोदी की गारंटी है.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “भारत के करोड़ों नागरिक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटे हैं. यह बहुत जरूरी है कि विकसित भारत की राजधानी एक विकसित देश का मॉडल शहर बने…”
“दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने हरियाणा के लोगों पर घिनौने आरोप लगाए हैं. हार के डर से आपदा वाले घबरा गए हैं. क्या हरियाणा के लोग दिल्ली से अलग हैं?… दिल्ली का हर निवासी हरियाणा द्वारा भेजा गया वही पानी पीता है. पिछले 11 सालों से यह प्रधानमंत्री भी वही पानी पीता है… गलतियों को माफ करना भारत के नागरिकों का उदार चरित्र है, लेकिन जो लोग जानबूझकर गलत नीयत से पाप करते हैं, उन्हें न तो दिल्ली कभी माफ करती है और न ही देश…”
वे एक और अफवाह फैला रहे हैं कि भाजपा योजनाएं बंद कर देगी. 2014 में जब मैं लोकसभा का चुनाव लड़ रहा था, तब कांग्रेस के लोग गांव-गांव, गली-गली जाकर कहते थे कि भाजपा आएगी तो MNREGA बंद कर देंगे. आज 11 साल हो गए, मैंने उस दिन भी कहा था कि मैं योजनाएं बंद नहीं करूंगा, योजनाओं को ताकत दूंगा. हमने MNREGA से बेईमानी को हटाया और उसे ताकत देने का काम किया… जो(योजनाएं) दिल्ली के कल्याण के लिए हैं, उन्हें ताकत दी जाएगी, उन्हें मजबूत किया जाएगा.
पीएम मोदी ने महाकुंभ में हुई भगदड़ पर कहा
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “आज की चुनाव सभा को संबोधित करने से पहले मैं महाकुंभ में जो दुखद हादसा हुआ है उस हादसे में हमें कुछ लोगों को खोना पड़ा है, कई लोगों को चोटें आई हैं. मैं प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करना हूं. मैं उत्तर प्रदेश सरकार के साथ निरंतर संपर्क में हूं. करोड़ो श्रद्धालु आज वहां पहुंचे हैं, कुछ समय के लिए स्नान की प्रक्रिया में रुकावट आई थी लेकिन अब कई घंटों से सुचारू रूप से लोग स्नान कर रहे हैं…”




