विदेश

आकाश में आग का गोला, इंसानी सपनों को झटका!

अमेरिकी अरबपति और स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क का सपना, जो इंसानों को मंगल ग्रह तक ले जाने का था, उसको हाल ही में बड़ा झटका लगा है। गुरुवार को टेक्सास के बोका चिका से लॉन्च किए गए स्टारशिप रॉकेट के सातवें टेस्ट में भारी विस्फोट हो गया, जिसने आसमान को आग के गोले में तब्दील कर दिया और स्पेसएक्स के भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

उम्मीदों की उड़ान, लेकिन नाकाम लैंडिंग

स्पेसएक्स ने अपने इस मिशन की शुरुआत 17 जनवरी की सुबह 4 बजे की थी। 123 मीटर ऊंचा यह रॉकेट नासा के भविष्य के चंद्र अभियान और मंगल ग्रह पर इंसानों को ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। रॉकेट के साथ 10 डमी सैटेलाइट्स को भी भेजा गया था, ताकि इसकी कार्यक्षमता का परीक्षण किया जा सके। लेकिन उड़ान के महज 8.5 मिनट बाद ही रॉकेट का संपर्क टूट गया और छह इंजन एक-एक करके फेल होते गए। इसके बाद, सुपर हैवी बूस्टर रॉकेट और स्पेसक्राफ्ट अलग होने की प्रक्रिया के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ।

 

आसमान में मलबा, जमीन पर संकट

विस्फोट इतना भीषण था कि मलबे ने पूरे टेक्सास और फ्लोरिडा से आसमान को ढक दिया। इसका सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ा, जहां उड़ानों में लगभग एक घंटे की देरी हो रही है। कुछ विमानों को अपने रूट बदलने पड़े तो कुछ को बीच रास्ते में रोकना पड़ा।

 

एलन मस्क की बयान

इस नाकामी के बावजूद एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विस्फोट का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “सफलता अनिश्चित है, लेकिन मनोरंजन की गारंटी है।” मस्क का कहना है कि स्टारशिप रॉकेट भविष्य के लिए एक बड़ा सपना है और यह असफलता भी उन्हें सीखने का मौका देती है।

 

SpaceX का बयान

स्पेसएक्स ने स्पष्ट किया कि टेक्सास से मैक्सिको की खाड़ी तक उड़ने की योजना थी, लेकिन यह रॉकेट ऑर्बिट तक नहीं पहुंच सका। कंपनी ने इस उड़ान से पहले रॉकेट को अपग्रेड किया था और स्टारलिंक सैटेलाइट्स की तर्ज पर डमी सैटेलाइट्स से परीक्षण किया था। लेकिन उड़ान के दौरान बूस्टर की विफलता और संपर्क टूटने से यह मिशन सफल नहीं हो सका।

 

यह हादसा तब हुआ जब एलन मस्क और अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस के बीच अंतरिक्ष यान बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन ने भी हाल ही में अपना न्यू ग्लेन रॉकेट लॉन्च किया था। हालांकि, उसका बूस्टर भी अटलांटिक में सही लैंडिंग करने में असफल रहा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button