IND vs AUS Test: ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी समाप्त, भारत को लगा पहला झटका

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच, मेलबर्न में चल रहे बॉक्सिंग टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पारी समाप्त हुई. ऑस्ट्रेलिया ने स्कोर बोर्ड पर 474 रन लगा दिए. वहीं भारत की पहली पारी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. भारत ने रोहित शर्मा के रुप में अपना पहला विकेट खोया. भारत के लिए रोहित और जायसवाल ओपनिंग करने उतरे थे.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 86 ओवर में 6 विकेट खोकर 311 रन बनाए थे. स्टीव स्मिथ आज दूसरे दिन 140 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 197 गेंदों पर 13 चौके और 3 छक्के जड़े. स्मिथ ने भारत के खिलाफ टेस्ट में 11वां शतक जड़ा. वहीं पहले दिन के खेल में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू कर रहे सैम कोनस्टास ने 65 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए, जबकि उस्मान ख्वाजा ने 121 गेंदों पर 57 रन बनाए. लाबुशेन ने 145 गेंदों पर 72 रन बनाए. बता दें कि पहले दिन का खेल खत्म होने तक और स्मिथ ने 111 गेंदों पर 68 रन की नाबाद रहे थे. वहीं आज के खेल में कप्तान कमिंस ने 49 रनों की पारी खेली.
वहीं भारत की गेंदबाजी की बात करें तो भारत के लिए एक बार फिर सर्वक्षेष्ट तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए, आकाश दीप ने 2 और वॉशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट चटकाया.





