सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुंबई पुलिस को मैसेज कर 10 दिन में मांगा था इस्तीफा
सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुंबई पुलिस को मैसेज कर 10 दिन में मांगा था इस्तीफा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर शनिवार शाम को मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को धमकी भरा मैसेज आया था। इस मैसेज में सीएम योगी आदित्यनाथ को जाने से मारने की धमकी दी गयी थी। मैसेज में कहा गया था कि अगर आदित्यनाथ 10 दिनों के भीतर सीएम पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उन्हें NCP नेता बाबा सिद्दीकी की तरह मार दिया जाएगा।
गौरतलब है कि मुंबई पुलिस ट्रैफिक कंट्रोल सेल को शनिवार शाम को एक अज्ञात नंबर से यह संदेश मिला। पुलिस ने कहा कि धमकी भरा संदेश आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर थी। जिसके बाद जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फातिमा खान नाम की महिला ने यह संदेश भेजा था। जिसके बाद मुंबई आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने उल्हासनगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर महिला का पता लगाया और उसे पकड़ लिया
प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला पढ़ी-लिखी है और उसने सूचना प्रौद्योगिकी में BSC की है। फातिमा अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में रहती है। अधिकारी ने बताया कि उसके पिता लकड़ी का कारोबार करते हैं। पुलिस के मुताबिक महिला अच्छी शिक्षा प्राप्त है, लेकिन मानसिक रूप से अस्थिर है।
उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने योगी आदित्यनाथ के महाराष्ट्र आ रहे हैं, जिसके चलते महाराष्ट्र पुलिस अलर्ट पर है। वहीं उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।





