
हरियाणा में आज 90 विधानसभा सीटों पर मतगणना का दौर चल रहा है. EVM में कैद तमाम उम्मीदवारों के नसीब के वोटों की गिनती जारी है वहीं रुझानों में बीजेपी ने हरियाणा में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है जिसके चलते कांग्रेस को यह जीत का रुझान हजम नहीं हो रहा है. दरअसल हिरयाणा में वोटों की गिनती और डाटा अपडेट में देरी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अब चुनाव आयोग के पास पहुंच गई है.
कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने चुनाव आयोग को एक ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया कि आयोग अपने अधिकारियों को वेबसाइट को ‘सच्चे और सटीक आंकड़ों के साथ अपडेट करने के लिए तत्काल निर्देश जारी करे ताकि झूठी खबरों और दुर्भावनापूर्ण बयानों का तुरंत मुकाबला किया जा सके.’

जयराम रमेश ने इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि लोकभा नतीजों की तरह हरियाणा में भी चुनावी रुझानों को जानबूझकर चुनाव आयोग की वेबसाइट पर धीमे-धीमे शेयर किया जा रहा है. वहीं उन्होंने बीजेपी पर सवाल उठात हुए आगे लिखा, क्या भाजपा प्रशासन पर दबाव बनाने की चेष्टा कर रही है? कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार गिनती किए गए राउंड की वास्तविक संख्या और टेलीविजन पर दिखाए जा रहे राउंड की संख्या मे अंतर है.
उन्होंने आगे लिखा, डेटा पीछे चल रहा है, वह अभी भी चौथा या पांचवां पाया गया डेटा ही दिखा रहे हैं जबकि 11 राउंड की गिनती हो चुकी है. हमारे महासचिव संचार ने चुनाव आयोग को ट्वीट कर पूछा है- डेटा के प्रदर्शन और अपलोड़िंग में देरी करके स्थानीय प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. जम्मू-कश्मीर में आपको हर राउंड की गिनती के साथ लाइव डेटा मिर रहा है लेकिन हरियाणा में ऐसा नहीं है. कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि हमें इसके बारे में पता था और ऐसा होना ही था.
वहीं कांग्रेस के इन आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अगर जयराम रमेश ने अभी से यह कहना शुरू कर दिया है और चुनाव आयोग पर उंगली उठानी शुरू कर दी है तो हमें समझ लेना चाहिए कि उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है. उन्होंने कहा कि जो रुझान चल रहे हैं, उससे मुझे लगता है कि हम एक अहम जीत की ओर बढ़ रहे हैं और कांग्रेस ने अपनी भावी हार के लिए एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.





