ताज़ा खबरें

मुंबई: ‘मिहिर शाह को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए’ बोले-मृतका कावेरी नखवा के माता-पिता

मुंबई: ‘मिहिर शाह को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए’ बोले- मृतका कावेरी नखवा के माता-पिता

इस घटना के मुख्य आरोपी मिहिर शाह को आज यानी मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया है। मिहिर की गिरफ़्तारी को लेकर दिवंगत केसरी वाडकर और भारती वाडकर, पीड़िता कावेरी नखवा के पिता और मां ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मिहिर शाह को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए…हमारी बेटी को न्याय मिलना चाहिए।

‘ये हिट एंड रन का केस नहीं है बल्कि मर्डर का केस है’- कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़

वहीं कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने मृतक कावेरी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने कहा, “परिवार दुख में हैं लेकिन वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं। हमारे हिसाब से ये हिट एंड रन का केस नहीं है बल्कि मर्डर का केस है क्योंकि अगर गाड़ी रुक जाती है तो जो घटना घटी वो नहीं घटती….मुंबई पुलिस को तीन दिन बाद इसका आरोपी मिला है जबकि इसको उसी दिन मिल जाना चाहिए। ये पहला केस है जिसमें CCTV फोटेज नहीं मिल रहा है। हम पुलिस के पास जाके कहने वाले है कि इस केस को सिर्फ हिट एंड रन केस तक न सीमित रखे बल्कि मर्डर केस चार्ज करें। उनके पास CCTV फोटेज कैसे नहीं है… किसको बचाने के लिए ये सब योजना हो रही है ये सब सामने आना चाहिए।’

हम गरीब हैं, हमें न्याय कौन देगा?-कावेरी नखवा के पति प्रदीप नखवा

पीड़िता कावेरी नखवा के पति प्रदीप नखवा ने कहा, ‘3 दिन बाद उसे पकड़ा जाता है, इसका क्या मतलब है? अगर वह शराबी नहीं था, अगर उसने नशा नहीं किया था, तो वह छिप क्यों गया?…वह 3 दिनों तक फरार क्यों था? तुम रास्ते में गाड़ी छोड़कर और भागने से पहले नंबर प्लेट भी तोड़ दिया और फरार हो जाता है…अब 3 दिन बाद उसके शरीर में शराब का कोई निशान नहीं होगा और उसके साथ 20 वकील होंगे। हम गरीब हैं, हमें न्याय कौन देगा? आज वह जेल गया, परसों उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और जमानत मिल जाएगी। मामला चलता रहेगा और सब ठंडा हो जाएगा। हम क्या करेंगे? हम पैसे और वकील का इंतजाम कहां से करेंगे? ये पार्टी के नेता कुछ नहीं करेंगे, ये तो इनके नेता का ही बेटा है। वह एक बड़ा आदमी है जो किसी को भी खरीद सकता है… हमारी तरफ कौन है? क्या फडणवीस या शिंदे हमारे घर आए, यह जानने के लिए कि क्या हुआ? क्या अजित पवार आये? ये सब सत्ता के लालच में अंधे हो गए हैं…वो सिर्फ वोट मांगने के लिए जनता से मिलने आते हैं और फिर भूल जाते हैं…उनके लिए हम जनता बेकार सामान हैं…”

मिहिर शाह को फंसी की सजा हो- बेटी अमृता नखवा

पीड़िता कावेरी नखवा की बेटी अमृता नखवा ने कहा, “मेरी मां को न्याय मिलना चाहिए। मैं चाहती हूं कि उसे (मिहिर शाह) फंसी की सजा हो। वह (पीड़िता) बहुत दर्द में थी, मैंने उसे अस्पताल में अपनी आंखों से देखा था।”

मुख्य आरोपी मिहिर शाह की मंगलवार को हुई गिरफ़्तारी

मुंबई BMW हिट एंड रन केस के मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह को मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात के बाद के बाद मिहिर फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर मिहिर को घटना के करीब 60 घंटे के बाद गिरफ्तार किया। बता दें कि मिहिर, शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है। मिहिर को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने 11 टीमें बनाई थीं। साथ ही क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया। उसके खिलाफ एक लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था।

शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता राजेश शाह का बेटा है मिहिर शाह 

गौरतलब है कि मिहिर शाह पालघर जिले के शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता राजेश शाह का बेटा है। पहले पुलिस ने नेता राजेश शाह को भी गिरफ्तार किया था, जिसे 24 घंटे बाद 15 हजार के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। घटना के बाद मिहिर शाह फरार था। सोमवार को पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड से पूछताछ की थी। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि जिस बीएमडब्ल्यू कार से मिहिर शाह ने महिला को कुचला था, उसके इंश्योरेंस की समय सीमा खत्म हो चुकी थी।

BMW कार से रविवार को मारी टक्कर 

गौरतलब है कि मछली विक्रेता दंपत्ति प्रदीप नखवा और कावेरी नखवा बीते रविवार को सुबह-सुबह सासून डॉक से मछली व अपनी जरूरत की चीजें खरीद कर घर वापिस लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार BMW ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। प्रदीप सड़क पर गिर गया और कावेरी घसीटती चली गई। घटना में पत्नी की मौत हो गई।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button