रियासी में बस पर हुए आतंकवादी हमले में 9 लोगों की मौत, पीड़ितों के लिए प्रशासन की तरफ़ से हेल्पलाइन नंबर जारी
जम्मू-कश्मीर: रियासी में FSL की टीम मौके पर पहुंची, जहां कल आतंकवादियों ने एक बस पर हमला किया था. इस आतंकवादी हमले में 10 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हुए हैं. बता दें कि रियासी में भारतीय सेना द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. वन क्षेत्र में तलाशी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है.
रियासी की सीनियर एसपी मोहिता शर्मा ने बताया, ‘शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादियों ने घात लगाकर शिव खोड़ी से कटरा के लिए रवाना हुई बस पर गोलीबारी की. ड्राइवर ने बस से कंट्रोल खो दिया और बस खाई में गिर गई.’ शर्मा ने बताया कि बचाव अभियान पूरा हो गया है और अब तक नौ लोगों की मौत हो गई है तथा 33 अन्य घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
जम्मू-कश्मीर: रियासी आतंकी हमले पर SSP मोहिता शर्मा ने कहा, “कल शाम करीब 6 बजे एक यात्री बस शिवखोड़ी से दर्शन करके रियासी की ओर जा रही थी। इस दौरान आतंकियों ने फायरिंग की. 9 लोगों की मृत्यु हुई है और 33 लोग घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. तलाशी अभियान जारी है.” pic.twitter.com/gMgSDapw2P
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) June 10, 2024
इस आतंकी हमले में जान गंवाने वालों में बस का ड्राइवर भी शामिल है. इस हमले का निशाना बने सभी तीर्थयात्री दिल्ली और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. पीड़ितों के लिए प्रशासन की तरफ़ से हेल्पलाइन नंबर 01991-245639, 01991-245076, 0191-2542000 जारी किए गए हैं.
गौरतलब है कि रविवार (9 जून) की शाम करीब 6.10 बजे राजौरी जिले की सीमा से लगे रियासी जिले के पौनी इलाके में शिव खोरी से कटरा जा रही यात्रियों की बस को आतंकवादियों ने हथियारों से निशाना बनाया. बस चालक को टक्कर लगी और वह नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पास की खाई में जा गिरी. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने रात 8.10 बजे तक सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया. एसपी रियासी ने लोगों को निकालने की प्रक्रिया की निगरानी की और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा
जम्मू-कश्मीर में बस पर आतंकवादी हमले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, “हम अपने लोगों पर हुए इस भीषण आतंकवादी हमले और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जानबूझकर किए गए अपमान की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं… मोदी सरकार द्वारा शांति स्थिति लाने का सारा प्रचार खोखला है.”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी जताया शोक
जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में, शिवखोड़ी मंदिर से तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुआ कायरतापूर्ण आतंकी हमला अत्यंत दुखद है. यह शर्मनाक घटना जम्मू-कश्मीर के चिंताजनक सुरक्षा हालातों की असली तस्वीर है. मैं सभी शोक संतप्त परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की आशा करता हूं. आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट खड़ा है.





