एलिमिनेटर में राजस्थान के खिलाफ मिली हार के बाद दिनेश कार्तिक ने IPL से लिया संन्यास, जानें कैसा रहा कार्तिक का सफर

नई दिल्ली. आईपीएल 2024 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हराकर एक बार फिर आरसीबी के आईपीएल ट्रॉफी के जीतने के सपने को चकनाचूर कर दिया है. वहीं इस हार के बाद विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने कथिततौर पर आईपीएल से संन्यास ले लिया है.
कार्तिक ने अपनी आखिरी पारी में 13 गेंदों पर 11 रन बनाए. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार के बाद आरसीबी आईपीएल से बाहर हो गई है. कार्तिक ने सीजन शुरू होने से पहले कहा था कि यह आईपीएल उनके करियर का आखिरी सीजन होने जा रहा है. राजस्थान के खिलाफ इस लीग के अपने आखिरी मुकाबले के खत्म होने के बाद बेंगलुरु के खिलाड़ियों द्वारा दिनेश कार्तिक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया साथ ही दिनेश कार्तिक ने अपने दस्तानें हवा में उठाकर फैंस का अभिवादन स्वीकार किया. इसके कुछ ही देर बाद आईपीएल के ब्रॉडकास्टर जियो ने कार्तिक के संन्यास की पुष्टी की.

दिनेश कार्तिक ने साल 2008 दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था. दिनेश कार्तिक ने आईपीएल के 17 सीजन में 257 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 26.32 की औसत और 135.36 की स्ट्राइक रेट से 4842 रन बनाए. दिनेश कार्तिक ने आईपीएल में 22 अर्द्धशतक लगाए हैं. हालांकि, वह कोई शतक नहीं लगा पाए हैं. उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 97 रन है. दिनेश कार्तिक ने आईपीएल में 466 चौके लगाए हैं, जबकि उनके बल्ले से 161 छक्के भी आए हैं. कार्तिक ने विकेट के पीछे ग्लव्स से भी अपना जलवा दिखाया है और उन्होंने 145 कैच लपके हैं, जबकि 37 स्टंप किए हैं.
दिनेश कार्तिक काफी खास खिलाड़ी रहे हैं उन्होंने साल 2018 से 2020 के बीच 37 मैचों में कोलकाता नाइट राइडर्स की अगुवाई की थी. बतौर कप्तान दिनेश कार्तिक अपनी टीम को 16 मैचों में जीत दिलाने में सफल हुए थे. साथ ही दिनेश कार्तिक आईपीएल के 17 सीजन में छह अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंनो दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी, जबकि उनके करियर का अंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ हुआ है. दिनेश कार्तिक इस बीच पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात लायंस, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी खेल चुके हैं. साल 2013 में वह मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल का खिताब भी जीत चुके हैं.





