14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 35 गेंद पर जड़ दिया शतक

सोमवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में इतिहास रचा गया, जब 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे रोमांचक पारी खेली. 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में केवल 35 गेंद पर शतक लगाकर इतिहास रच दिया. जिससे राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटन्स को आठ विकेट से हरा दिया.
सोमवार को राजस्थान और गुजरात के बीच हुआ मुकाबला यादगार रहा, क्योंकि वैभव ने महज 35 गेंद पर शतक जड़कर सबको स्तब्ध कर दिया. वैभव आईपीएल के इतिहास में भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. ऐसा कर वैभव ने युसूफ पठान के 37 गेंद पर शतक लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. वैभव अब आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज हैं.
बता दें कि आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है. गेल ने 30 गेंद पर शतक लगाने का कमाल किया है. भले ही वैभव आईपीएल के इतिहास में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं लेकिन टी-20 में उन्होंने एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वैभव टी-20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
वैभव सूर्यवंशी 14 साल के भारतीय क्रिकेटर हैं, जिन्होंने IPL अनुबंध हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनकर सुर्खियां बटोरीं. उन्हें 2025 आईपीएल नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था. उन्होंने 13 साल की उम्र में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी में अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू भी किया था.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





