Hindi Newsportal

राष्ट्रपति अब्देल के निमंत्रण पर कल से मिस्र के दो दिवसीय दौरे पर होंगे पीएम मोदी

0 392
राष्ट्रपति अब्देल के निमंत्रण पर कल से मिस्र के दो दिवसीय दौरे पर होंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका की राजकीय यात्रा के बाद शनिवार से मिस्र की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। पीएम मोदी  राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के निमंत्रण पर मिस्र के दौरे पर जाएंगे। जहाँ पीएम मोदी मिस्र की राजधानी कैरो स्थित अल हाकीम मस्जिद का भी दौरा करेंगे।

विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 24 से 25 जून तक मिस्र की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। पीएम मोदी की मिस्र की यह पहली राजकीय यात्रा है। इस दौरान पीएम मोदी मिस्र की राजधानी काहिरा में 11वीं सदी की अल-हकीम मस्जिद का दौरा भी करेंगे। पीएम मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के निमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री अल-हकीम मस्जिद में लगभग आधा घंटा बिताएंगे। काहिरा में स्थित इस ऐतिहासिक और प्रमुख मस्जिद का नाम 16वें फातिमिद खलीफा अल-हकीम द्वि-अम्र अल्लाह (985-1021) के नाम पर रखा गया है। मस्जिद का निर्माण मूल रूप से अल-हकीम द्वि-अम्र अल्लाह के पिता खलीफा अल-अजीज बिल्लाह ने 10वीं शताब्दी के अंत में कराया था बाद में साल 1013 में अल-हकीम ने इसके निर्माण को पूरा किया था।

गौरतलब है कि मिस्र पश्चिम एशिया की बड़ी ताकत के अलावा इस्लामी दुनिया की तटस्थ और मजबूत आवाज है। ऐसे में इस्लामी देशों में पैठ के साथ पश्चिम एशिया की बड़ी ताकत मिस्र को साध कर भारत की ग्लोबल साउथ की आवाज बनने की रणनीति भी काम कर सकती है।