Hindi Newsportal

महारानी एलिजाबेथ-II अंतिम संस्कार आज, जानिए कहां होगा महारानी एलिजाबेथ का अंतिम संस्कार

0 230

महारानी एलिजाबेथ-II अंतिम संस्कार आज, जानिए कहां होगा महारानी एलिजाबेथ का अंतिम संस्कार

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ-II के निधन के 11 दिन बाद आज उनकी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी। महारानी के उत्तराधिकारी और उनके बेटे किंग चार्ल्स-III की इच्छा के मुताबिक, महारानी के अंतिम संस्कार के बाद एक हफ्ते तक पूरे देश में सार्वजनिक शोक का एलान किया जाएगा। गौरतलब है कि महारानी एलिजाबेथ-II का 8 सितंबर को 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया था  और अब 11 दिन बाद महारानी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। सोमवार को सुबह 10.44 पर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का ताबूत पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर से वेस्टमिंस्टर एब्बे तक ले जाया जाएगा। 

दुनिया भर से करीब 500 प्रतिनिधि होंगे शामिल 

बता दें महारानी के अंतिम संस्कार में दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत करीब 500 विश्व नेता शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए शनिवार शाम तीन दिवसीय यात्रा पर लंदन पहुंचीं।

यहाँ होगा महारानी एलिजाबेथ-II का अंतिम संस्कार 

शाही ताबूत को जुलूस की शक्ल में पैलेस आफ वेस्टमिंस्टर के वेस्टमिंस्टर हॉल से वेस्टमिंस्टर एबे ले जाया जाएगा। जहां साल 1066 से ब्रिटिश राजघराने के सदस्यों की ताजपोशी हुई है। एडवर्ड-पंचम और एडवर्ड अष्टम को छोड़ दें सभी महाराज और महारानियों को यहीं ताज पहनाया गया और यहीं पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। महारानी एलिजाबेथ-II की ताजपोशी भी वेस्टमिंस्टर ऐबी में ही हुई थी और यह राजपरिवार में ताजपोशी का पहला कार्यक्रम था, जिसे पूरी दुनिया में प्रसारित किया गया था। इसके बाद अंतिम संस्कार की रस्में पूर्वांह्न 11 बजे शुरू होंगी और करीब एक घंटे बाद दो मिनट के राष्ट्रीय मौन के साथ संपन्न होगी।

इसके बाद एक सार्वजनिक जुलूस दोपहर 12.15 बजे शुरू होगा और दिवंगत महारानी (Queen Elizabeth II) का ताबूत वेस्टमिंस्टर एबे से लंदन (London) के वेलिंग्टन आर्च ले जाया जाएगा और वहां से उसका विंडसर का सफर शुरू होगा। सोमवार की शाम को एक निजी शाही रस्म में महारानी को किंग जार्ज षष्ठम मैमोरियल चैपल में उनके दिवंगत पति प्रिंस फिलिप के बराबर में दफनाया जाएगा।