यूएस की पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस समारोह का करेंगे नेतृत्व

यूएस की पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस समारोह का करेंगे नेतृत्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार 20 जून की सुबह सयुंक्त राज्य अमेरिका की राजकीय यात्रा के लिए रवाना हो गए। पीएम मोदी 21 से लेकर 24 जून तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएस के लिए यह पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा है।
#WATCH दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राज्य अमेरिका की अपनी पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए दिल्ली से रवाना हुए। pic.twitter.com/QT7y4dvxVT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 20, 2023
प्रधानमंत्री ने यात्रा पर रवाना होने से पहले अपने कार्यक्रम को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि, ‘यूएसए के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं न्यूयॉर्क शहर और वाशिंगटन डीसी में कार्यक्रमों में भाग लूंगा. इन कार्यक्रमों में यूएन हेडक्वार्टर पर योग दिवस समारोह, जो बाइडन के साथ बातचीत और अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करना और बहुत कुछ शामिल है.’
बता दें कि 21 जून को पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। न्यूयॉर्क में 21 जून को होने वाले नौवें ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ पर 180 से अधिक देशों के लोग भाग लेंगे। यह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के उत्तरी लान में सुबह आठ से नौ बजे के बीच होगा। मालूम हो कि साल 2014 में पीएम मोदी के नेतृत्व में ही ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ की घोषणा की गई थी।





