NM वेरिफाइड

फ़ैक्ट चेक: एक साल पुरानी सीजीआई वीडियो को रूस के लूना-25 के क्रैश का बता कर किया गया शेयर

हाल में ही चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग की तैयारी में लगा रूस का स्‍पेसक्राफ्ट लूना-25 क्रैश हो गया था।  रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्‍कोस्‍मोस ने इसकी पुष्टि भी की थी।  अब इसी से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट पे वायरल हो रहा है जिसमे कथित तौर पर रूस के लूना-25 अंतरिक्ष यान को चंद्रमा पर दुर्घटनाग्रस्त होते हुए दिखाया गया है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए फेसबुक यूजर ने लिखा, “लूना 25 चंद्रमा पर पहुंचने वाला सबसे तेज़ था लेकिन फिर भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया, गति हमेशा सफलता की गारंटी नहीं देती है, इसलिए धीरे चलें, मजबूत बनें! लाइव फुटेज, कैसे आरयू रूस का लूना-25 चंद्रमा से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गय। ”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।

फैक्ट चेक

न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल पोस्ट में किया जा रहा दावा गलत है।  दरअसल वायरल वीडियो कंप्यूटर द्वारा बनाया गया  फ़ुटेज है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के साथ शेयर किए गए दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने पड़ताल की। पड़ताल के दौरान हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम में तोड़कर एक फ्रेम को गूगल रिवर्स सर्च टूल की सहायता से खोजना शुरू किया। इस दौरान हम एडोब स्टॉक की लाइब्रेरी तक पहुंचे, जिसमे बताया गया की वीडियो को “ब्लैकबॉक्सगिल्ड” द्वारा बनाया गया था। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, “दूसरे चरण के रॉकेट बूस्टर का चंद्रमा से टकराना और विस्फोट होना – क्लोज शॉट”

इसके अलावा हमें यह फुटेज स्टॉक फोटो वेबसाइट अलामी पर भी मिला। यहाँ भी वीडियो के लिए ब्लैकबॉक्सगिल्ड को श्रेय दिया गया, यहां उल्लिखित “तारीख” 3 फरवरी, 2022 थी। आपको बता दें की  रूस का स्‍पेसक्राफ्ट लूना-25 क्रैश होने की घटना अगस्त 2023 की है।

इसके अलावा, हमें द यूरोपियन टाइम्स की जून 2022 की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें वीडियो को एनिमेटेड बताया गया है। इसके अलावा हमने वायरल वीडियो को अलामी पे मौजूद वीडियो से तुलना की। नीचे वीडियो में  समानता देखी जा सकती है।

हमारी पड़ताल में हमने पाया की वीडियो इंटरनेट पे 2022 से मौजूद है और कंप्यूटर की मदद से बनाया गया है।  वायरल वीडियो का  लूना-25 के क्रैश होने से कोई सम्बन्ध नहीं है।

 

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button