WhatsApp Web ठप, ऑफिस जाते ही लाखों यूजर्स को लगा झटका

नई दिल्ली. शुक्रवार की सुबह ऑफिस पहुंचते ही लाखों लोगों को एक अप्रिय झटका लगा जब व्हाट्सऐप की वेब सेवा अचानक बंद हो गई. भारत समेत दुनिया के कई देशों में यूजर्स अपने कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp Web एक्सेस नहीं कर पाए. जो लोग अपने दफ्तरी कामकाज के लिए डेस्कटॉप वर्जन पर निर्भर रहते हैं, उनके लिए यह तकनीकी खराबी सुबह-सुबह बड़ी परेशानी बन गई.
सुबह 8:54 बजे से शुरू हुई गड़बड़ी
आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 8 बजकर 54 मिनट से ही शिकायतें दर्ज होनी शुरू हो गई थीं. सुबह 9 बजते-बजते इन शिकायतों की संख्या में अचानक भारी उछाल आया. डेटा से साफ पता चलता है कि भारत के कई बड़े शहरों में यूजर्स को सर्वर से कनेक्ट होने में दिक्कत आ रही थी.
QR कोड स्कैन हुआ बेकार, चैट भी नहीं हुई लोड
यूजर्स को मुख्य रूप से दो तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा. पहली, QR कोड स्कैन कर लॉगिन करने की कोशिश करने पर डिवाइस लिंक ही नहीं हो पा रहा था. दूसरी, जो लोग किसी तरह लॉगिन करने में सफल भी रहे, उनकी पुरानी चैट लोड नहीं हो रही थी और मैसेज भेजने व रिसीव करने में भी देरी हो रही थी. यानी चैट सिंक की सुविधा पूरी तरह गड़बड़ा गई थी.
फिलहाल कंपनी की ओर से इस तकनीकी खराबी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.





