विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से ले सकते हैं संन्यास, बीसीसीआई को दी जानकारी: रिपोर्ट

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का मन बना लिया है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, कोहली ने इस बारे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सूचित कर दिया है। यह खबर ऐसे समय पर आई है जब उनके साथी और लंबे समय से टीम के कप्तान रह चुके रोहित शर्मा ने दो दिन पहले ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा है।
विराट कोहली ने पिछले एक महीने में बीसीसीआई से इस बारे में बातचीत की है। अगर कोहली वाकई संन्यास लेते हैं, तो यह उनके 14 साल लंबे टेस्ट करियर का अंत होगा। उन्होंने अब तक 123 टेस्ट मैचों में 9,230 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक शामिल हैं। उनका टेस्ट औसत 46.85 का है और वह भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी रहे हैं, जिन्होंने 68 मैचों में से 40 में जीत दिलाई।
विराट का टेस्ट करियर खासतौर पर 2016 से 2019 के बीच चरम पर था। इस दौरान उन्होंने 43 टेस्ट मैचों में 4,208 रन बनाए, जिनमें 16 शतक और 10 अर्धशतक शामिल थे। उस समय उनका औसत 66.79 रहा। लेकिन 2020 के बाद से उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 39 टेस्ट में केवल 2,028 रन बनाए हैं, औसत सिर्फ 30.72 रहा और केवल 3 शतक लगाए।
हालांकि, साल 2023 में उन्होंने वापसी की कोशिश की थी और 8 टेस्ट में 671 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक शामिल थे। लेकिन 2024 में उनका फॉर्म फिर गिर गया। उन्होंने 10 टेस्ट में सिर्फ 382 रन बनाए और औसत महज 22.47 रहा। उनका आखिरी टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान था, जिसमें उन्होंने पर्थ में शतक लगाया, जो पिछले साल जुलाई के बाद पहला टेस्ट शतक था।
कोहली ने 2023 में अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार भारत में शतक लगाया था। इसके बाद वह घरेलू मैदान पर कोई शतक नहीं लगा पाए हैं। इसके बावजूद चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट चाहते हैं कि विराट इंग्लैंड दौरे पर टीम का हिस्सा रहें, जहां भारत 20 जून से 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने वाला है।
रोहित शर्मा के संन्यास के बाद अब कप्तानी के लिए शुभमन गिल सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। रविचंद्रन अश्विन भी पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। रहाणे और पुजारा टीम से बाहर हैं, जबकि मोहम्मद शमी फिटनेस के कारण टीम से दूर हैं। ऐसे में कोहली ही टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी बचे हैं, उनके साथ रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ी हैं।
इंग्लैंड को लेकर विराट का करियर भी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2014 के दौरे में वह पूरी तरह फ्लॉप रहे थे, लेकिन 2018 में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 593 रन बनाए थे। 2021 के दौरे में उन्होंने 5 मैचों में 249 रन बनाए। इंग्लैंड में उन्होंने अब तक 17 टेस्ट खेले हैं और 1,096 रन बनाए हैं।
कोहली का विदेशी सरजमीं पर प्रदर्शन हमेशा सराहनीय रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज में शतक लगाए हैं, जिसमें पर्थ, सेंटुरियन और एजबेस्टन की पारियां उनके टेस्ट करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में गिनी जाती हैं।





