Hindi Newsportal

UAE के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान का 73 साल की उम्र में हुआ निधन

0 653

UAE के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान का 73 साल की उम्र में हुआ निधन

 

संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान का शुक्रवार को 73 साल की उम्र में निधन हो गया। राष्ट्रपति जायद अल नहयान पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। राष्ट्रपति की मौत के बाद सरकार की तरफ से 40 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है। 40 दिन तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इसके अलावा सभी मंत्रालयों और प्राइवेट सेक्टर में तीन दिन तक कामकाज बंद रहेगा।

शेख खलीफा के निधन पर यूएई, अरब, इस्लामिक राष्ट्र और दुनियाभर के लोगों ने संवेदनाएं व्यक्त की है। शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान ने 4 नवंबर 2004 से संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक के रूप में काम किया।

शेख खलीफा ने अपने पिता मरहूम शेख जायद बिन सुल्तान अल नाहयान की जगह ली थी, जिन्होंने 1971 में अमीरात के अस्तित्व में आने के बाद दो नवंबर 2004 को अपने निधन तक यूएई के पहले राष्ट्रपति के रूप में सेवाएं दी थीं। 1948 में जन्मे शेख खलीफा यूएई के दूसरे राष्ट्रपति और अबू धाबी अमीरात के 16वें शासक थे।  वह शेख जायद के सबसे बड़े बेटे थे।