‘सितारे ज़मीन पर’ का ट्रेलर हुआ रिलीज, कॉपी होने के आरोपों में घिरी आमिर खान की फिल्म

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की आगामी फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। हालांकि फिल्म को लेकर जितनी उम्मीदें थीं, ट्रेलर के बाद सोशल मीडिया पर उतनी ही आलोचना भी हो रही है। कई यूजर्स का दावा है कि फिल्म स्पैनिश फिल्म ‘चैंपियन्स’ की हूबहू नकल है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोप लगाया है कि फिल्म के सिर्फ विचार ही नहीं, बल्कि पूरा ट्रेलर भी फ्रेम दर फ्रेम ‘चैंपियन्स’ फिल्म से मेल खाता है। कई यूजर्स ने इसके स्क्रीनशॉट और वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा है कि फिल्म के सीन, बैकग्राउंड, यहां तक कि भाव-भंगिमाएं तक ओरिजिनल फिल्म से ली गई हैं।
एक यूजर ने लिखा, “ओटीटी के इस दौर में दर्शकों ने सब कुछ देखा है, ऐसे में विदेशी फिल्मों की कॉपी तुरंत पकड़ में आ जाती है।” वहीं एक अन्य ने टिप्पणी की, “बॉलीवुड से मौलिकता गायब हो गई है, अब आमिर खान जैसे अभिनेता भी इस रास्ते पर हैं।”
‘सितारे ज़मीन पर’ की कहानी बौद्धिक विकलांगता से पीड़ित एक बास्केटबॉल टीम के संघर्ष और सफलता पर आधारित है। यह कथानक 2018 में आई स्पैनिश फिल्म ‘चैंपियन्स’ से प्रेरित बताया जा रहा है। चैंपियन्स फिल्म की कहानी स्पेन की एडरेस टीम से प्रेरित थी, जिसने विशेष खिलाड़ियों के लिए कई चैंपियनशिप जीती थीं।
आमिर खान को हमेशा से एक गंभीर और संवेदनशील अभिनेता के तौर पर देखा जाता है, जो सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बनाते हैं। हालांकि, ‘सितारे ज़मीन पर’ के ट्रेलर ने इस बार उनके चुनाव को लेकर दर्शकों को विभाजित कर दिया है।
अब देखना यह होगा कि जब फिल्म रिलीज होगी, तब दर्शक इसकी कहानी और प्रस्तुतिकरण को कैसे स्वीकार करते हैं।





