चित्रदुर्ग में भीषण सड़क हादसा: बस-लॉरी की टक्कर में 12 की मौत, 21 घायल

चित्रदुर्ग (कर्नाटक): कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 12 लोगों की जान चली गई और 21 यात्री घायल हो गए. हिरियुर क्षेत्र में हुए इस हादसे में एक प्राइवेट स्लीपर बस (सीबर्ड कोच) लॉरी से टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गई.
हादसे का विवरण
सूत्रों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब एक तेज रफ़्तार से आ रही लॉरी डिवाइडर पार कर बस में जा घुसी. इसे लापरवाही का मामला बताया जा रहा है. टक्कर के तुरंत बाद स्लीपर बस में तेज आग भड़क उठी.
बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा की ओर जा रही थी और इसमें कुल 32 यात्री सवार थे. हादसे में 11 यात्री आग में जलकर मौत का शिकार हो गए, जबकि कंटेनर लॉरी का चालक भी मौके पर ही मारा गया. कुल मिलाकर 12 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई.
राहत और बचाव कार्य
घायल 21 यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है.
यह हादसा कर्नाटक में हाल के दिनों में हुए सड़क हादसों की श्रृंखला में एक और दुखद घटना है. राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यातायात प्रभावित हुआ है.





