‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ के तीसरे हफ्ते में बढ़ा रोमांच, अभिजीत सावंत हुए एलिमिनेट

सोनी लिव के लोकप्रिय कुकिंग शो ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ में इस हफ्ते प्रतियोगियों के लिए चुनौतियां और भी कठिन हो गईं। खासतौर पर ब्लैक एप्रन चैलेंज, जिसमें सेलिब्रिटी कुक्स को अपनी कुकिंग स्किल्स साबित करनी पड़ीं। इस हफ्ते शेफ पूजा ढींगरा ने डेजर्ट चैलेंज दिया, जिसे पूरा करने के लिए प्रतियोगियों को दो घंटे का समय मिला।
इस हफ्ते के मुकाबलों में फैजल शेख और निक्की तंबोली की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें फैजल की टीम विजयी रही, जबकि निक्की की टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके चलते निक्की और उनकी टीम के मेंबर्स राजीव अदातिया, कबिता सिंह, तेजस्वी प्रकाश और अभिजीत सावंत को ब्लैक एप्रन चैलेंज से बचने का एक और मौका दिया गया। इस राउंड में तेजस्वी प्रकाश सेफ हो गईं, जबकि बाकी चारों को ब्लैक एप्रन चैलेंज में उतरना पड़ा।
ब्लैक एप्रन चैलेंज में पहले से मौजूद दीपिका कक्कड़ को भी इस कठिन टास्क का सामना करना पड़ा। हालांकि, जब उन्हें अपनी डिश पूरी करने में मुश्किल हुई, तो उन्होंने अपनी इम्यूनिटी पिन का इस्तेमाल कर खुद को सेफ कर लिया।
इस चुनौती में सभी प्रतियोगियों को शेफ पूजा ढींगरा की खास डेजर्ट डिश तैयार करनी थी। जज फराह खान, शेफ विकास खन्ना, शेफ रणवीर बरार और शेफ पूजा ढींगरा ने सभी डिशेज को टेस्ट किया, जिसमें निक्की तंबोली और राजीव अदातिया की डिश को सबसे ज्यादा सराहा गया।
बॉटम टू में कबिता सिंह और अभिजीत सावंत पहुंचे। कबिता ने ब्लैक एप्रन चैलेंज जीत लिया, जबकि अभिजीत सावंत का सफर इस हफ्ते खत्म हो गया।
शो के आगे के एपिसोड्स में अब मुकाबला और भी रोमांचक होने वाला है। कौन बनेगा इस सीजन का सेलिब्रिटी मास्टरशेफ? जानने के लिए बने रहें!





