मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई इलाकों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राजधानी भोपाल समेत करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। भोपाल में मंगलवार तड़के हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद प्रदेश में कोहरे का असर बढ़ सकता है, जिससे आने वाले दिनों में दृश्यता प्रभावित रहने की संभावना है।
20 से ज्यादा जिलों में बदला मौसम
सोमवार को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के 20 से अधिक जिलों में बादल छाए रहे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। टीकमगढ़, आगर-मालवा और अशोकनगर में सुबह बारिश हुई, जबकि कुछ जिलों में शाम के समय मौसम बदला। उत्तरी मध्य प्रदेश में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिला।
इन जिलों में आज बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों में सुबह के समय मध्यम कोहरा भी देखा गया।
अगले तीन दिन कोहरा करेगा परेशान
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का असर बना रहेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग और बुंदेलखंड के जिलों में सुबह के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है। आगर-मालवा जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही मावठे की बारिश से ठंड बढ़ गई है।
10 फरवरी तक बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ के कारण बनी हुई है। 5 फरवरी को पश्चिम-उत्तरी भारत में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते 10 फरवरी तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी रहेगी।
इसके अलावा उत्तर भारत के ऊपर तेज जेट स्ट्रीम हवाओं के कारण ठंडी हवाएं प्रदेश तक पहुंच रही हैं। हालांकि, रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जैसे ही यह सिस्टम कमजोर पड़ेगा, मध्य प्रदेश में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ेगा और दिन-रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।





