न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय टीम घोषित, शुभमन गिल होंगे कप्तान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। इस सीरीज़ में शुभमन गिल टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे।
टीम में सीनियर खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली को शामिल किया गया है, जिससे युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन देखने को मिलेगा। केएल राहुल और ऋषभ पंत विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। वहीं श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है, लेकिन उनका खेलना BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने पर निर्भर करेगा।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। BCCI ने साफ किया है कि हार्दिक पांड्या अभी वनडे में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी के लिए फिट नहीं हैं। साथ ही आगामी ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उनका कार्यभार नियंत्रित किया जा रहा है।
स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव को जगह मिली है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज के कंधों पर होगी, जिनका साथ अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी देंगे। युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को भी टीम में शामिल किया गया है।
BCCI ने बताया कि श्रेयस अय्यर की फिटनेस पर अंतिम फैसला सीरीज़ शुरू होने से पहले लिया जाएगा।





