‘घर कब आओगे’ की गूंज! ‘बॉर्डर 2’ के गाने ने रिलीज़ से पहले बढ़ाई धड़कनें

सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म के टीजर रिलीज़ होने के बाद से ही दर्शक इसके चर्चित गीत ‘घर कब आओगे’ का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। यह गीत सालों पहले आई फिल्म ‘बॉर्डर’ के लोकप्रिय गाने ‘संदेसे आते हैं’ का रीक्रिएटेड वर्जन है।
अब मेकर्स ने इस गाने का टीजर जारी कर दिया है और इसके साथ ही इसकी रिलीज़ डेट से भी पर्दा उठा दिया गया है। टीजर में गाने से जुड़े कलाकारों और क्रिएटिव टीम की जानकारी साझा की गई है। मूल गीत को जावेद अख्तर ने लिखा था और इसका संगीत अनु मलिक ने दिया था, जबकि नए वर्जन के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं और संगीत मिथुन ने तैयार किया है।
खास बात यह है कि इस बार गाने को दो नहीं बल्कि चार गायकों ने अपनी आवाज़ दी है। जहां पहले संस्करण को सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ ने गाया था, वहीं नए वर्जन में सोनू निगम के साथ अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा की आवाज़ सुनने को मिलेगी। टीजर के अंत में चारों गायकों की झलक और उनकी आवाज़ दर्शकों को भावुक करती है।
‘घर कब आओगे’ शीर्षक वाला यह गीत 2 जनवरी को रिलीज़ किया जाएगा। रिलीज़ से पहले ही गाने ने दर्शकों के बीच उत्सुकता और भावनात्मक जुड़ाव पैदा कर दिया है।




