भारत

पहलगाम में आतंकी हमला: पर्यटकों को बनाया निशाना, 1 की मौत और 12 घायल

जम्मू-कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में सोमवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसमें पर्यटकों को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमले के बाद सुरक्षाबलों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। यह हमला उस वक्त हुआ जब पर्यटक घुड़सवारी का आनंद ले रहे थे। सालों बाद यह पहली बार है जब आतंकियों ने सीधे पर्यटकों को अपना निशाना बनाया है। इससे पहले वे आमतौर पर सुरक्षा बलों या गैर-कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाते रहे हैं।


प्रारंभिक रिपोर्ट्स में 10 लोगों के घायल होने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि हमले में कुल 6 पर्यटकों पर हमला हुआ, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि 5 घायल हैं। इसके अलावा कुछ स्थानीय लोग भी इस हमले में जख्मी हुए हैं। पहलगाम, जो गर्मियों में पर्यटकों की पहली पसंद रहता है, वहां इस समय छुट्टियों के कारण काफी संख्या में लोग पहुंचे हुए हैं। आतंकी हमले के बाद एहतियातन प्रशासन ने अन्य पर्यटकों को पहलगाम जाने से रोक दिया है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

जम्मू-कश्मीर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, “यह हमला कायराना हरकत है, निर्दोष और निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाना आतंकियों की हताशा को दिखाता है। सेना और पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और आतंकियों का जल्द ही सफाया किया जाएगा। उनके मददगारों को भी बख्शा नहीं जाएगा।”

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकी हमले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बातचीत की और उनसे सभी उचित कदम उठाने को कहा है। इसके साथ प्रधानमंत्री ने गृह मंत्री से घटनास्थल का दौरा करने को भी कहा है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि हाल के महीनों में हुए आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशनों से आतंकी बौखलाए हुए हैं और अब आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। सुरक्षाबलों ने पूरे पहलगाम क्षेत्र को सील कर दिया है और ऑपरेशन जारी है। जांच एजेंसियां हमले के पीछे शामिल गुटों की पहचान में जुटी हैं। केंद्र और राज्य सरकारें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button