गुजरात के साबरकांठा में सड़क हादसा, 6 महिलाओं की मौत, 8 घायल

गुजरात के साबरकांठा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार निजी बस ने हाईवे पर एक वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा नेशनल हाईवे-48 पर शमलाजी और हिम्मतनगर के बीच हुआ। वैन में सवार महिलाएं अरावली जिले के मोडासा से हिम्मतनगर के हुंज गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं कैटरिंग टीम का हिस्सा थीं और सामाजिक आयोजनों में काम करती थीं। हादसे में 6 महिलाओं की जान चली गई, जबकि 7 अन्य महिलाएं और वैन चालक घायल हो गए।
घायलों को तुरंत हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





