रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज, कट्स और म्यूट डायलॉग्स को लेकर दर्शकों में नाराजगी

रणवीर सिंह की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’, जिसे आदित्य धर ने निर्देशित किया है, सफल थिएट्रिकल रन के बाद अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। ओटीटी रिलीज से फैंस काफी उत्साहित थे, लेकिन फिल्म के ऑनलाइन आते ही दर्शकों की उम्मीदों को झटका लगा। वजह—फिल्म में कट्स, म्यूट किए गए डायलॉग्स और कुछ सीन हटाए जाने की शिकायतें।
ओटीटी रिलीज के बाद क्यों भड़के दर्शक?
नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों ने नाराजगी जतानी शुरू कर दी। कई यूजर्स का कहना है कि फिल्म में करीब 10 मिनट के सीन गायब हैं और कई जगहों पर गालियों को म्यूट कर दिया गया है। दर्शकों का सवाल है कि जब फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला है, तो फिर सेंसरशिप क्यों?
एक यूजर ने लिखा, “फिल्म को ए सर्टिफिकेट मिला है, फिर भी शब्द म्यूट कर दिए गए हैं। क्या हम बच्चे हैं? इतने कट्स के साथ फिल्म देखने का कोई मतलब नहीं।”
कुछ दर्शकों ने यह भी पूछा कि दूसरी फिल्मों के साथ ऐसा क्यों नहीं हुआ और कहानी से जुड़े अहम सीन क्यों काटे गए।
क्या है ‘धुरंधर’ की कहानी?
‘धुरंधर’ की कहानी भारत की खुफिया एजेंसी के एक गुप्त मिशन पर आधारित है, जिसमें पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश दिखाई गई है। फिल्म में आईसी-814 विमान अपहरण, 2001 संसद हमला और 2008 मुंबई आतंकी हमलों जैसे वास्तविक घटनाक्रमों के संदर्भ भी हैं। एक्शन, थ्रिल और देशभक्ति के मिश्रण ने फिल्म को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।
स्टारकास्ट को मिली तारीफ
कट्स को लेकर विवाद के बावजूद दर्शकों ने फिल्म की कहानी और कलाकारों के अभिनय की जमकर तारीफ की है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और सौम्या टंडन जैसे कलाकार नजर आते हैं।
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड, सीक्वल का इंतजार
‘धुरंधर’ रिलीज के आठवें हफ्ते में भी चर्चा में बनी हुई है। फिल्म ने 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है और ऐसा करने वाली यह पहली हिंदी फिल्म बन गई है। अब फैंस इसके सीक्वल का इंतजार कर रहे हैं, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगा। दिलचस्प बात यह है कि उसी दिन यश की फिल्म ‘Toxic: A Fairytale for Grownups’ भी रिलीज होने वाली है। ओटीटी पर सेंसरशिप को लेकर उठा यह सवाल अब स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स के कंटेंट नियमों पर नई बहस छेड़ रहा है।





