रणवीर सिंह बने गैंगस्टर हमजा, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने बढ़ाया फैंस का उत्साह

रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का टीज़र मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। छोटे से टीज़र में रणवीर सिंह के जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन की झलक देखने को मिलती है। इस बार वह जसकीरत सिंह रंगी नहीं, बल्कि खतरनाक गैंगस्टर हमजा के किरदार में नजर आ रहे हैं। कहानी के मुताबिक, हमजा पाकिस्तान में मौजूद खतरनाक आतंकी और अपराधी गिरोहों में घुसपैठ करने के मिशन पर है।
टीज़र से साफ है कि फिल्म के दूसरे भाग में हमजा की बैकस्टोरी को अहम जगह दी गई है। उसकी जड़ों, दर्द और बीते वक्त को दिखाते हुए कहानी वर्तमान से जुड़ती है, जहां वह भारत में आतंकी गतिविधियों के जिम्मेदार लोगों से बदला लेने की तैयारी करता नजर आता है।
टीज़र में अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन की भी झलक दिखाई देती है। अंत में रणवीर सिंह सिगरेट पीते हुए अपनी दमदार आवाज में कहते हैं, “ये नया हिंदुस्तान है, ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।”
फिल्म को आदित्य धर ने लिखा और निर्देशित किया है। इसमें अक्षय खन्ना और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का पहला भाग ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर को रिलीज हुआ था और बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुआ था। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 836 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई की थी।





