मनोरंजन

रणवीर अल्लाहबादिया विवाद: महाराष्ट्र साइबर सेल कर सकती है कानूनी कार्रवाई, पूछताछ में सहयोग न करने का आरोप

‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो के एक एपिसोड को लेकर उठे विवाद में यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा मुखीजा एक बार फिर मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र साइबर सेल ने रणवीर, अपूर्वा, समय रैना और आशीष चंचलानी को पूछताछ के लिए समन भेजा था। जहां समय और आशीष पूछताछ में पेश हुए, वहीं रणवीर और अपूर्वा ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इसके चलते साइबर सेल ने दोनों पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

रणवीर अल्लाहबादिया शो के एक एपिसोड में प्रतियोगी से किए गए आपत्तिजनक सवाल के चलते विवादों में घिरे थे। यह सवाल माता-पिता के यौन संबंधों से जुड़ा था, जिसे सोशल मीडिया पर अशोभनीय और अपमानजनक बताया गया। हालांकि शो के अन्य पैनलिस्ट्स – अपूर्वा मुखीजा और आशीष चंचलानी – ने उस वक्त इस टिप्पणी को हंसी में टाल दिया, लेकिन इसके बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

घटना के बाद देशभर में रणवीर और शो के निर्माताओं के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गईं। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी इस पर संज्ञान लिया और रणवीर से लिखित माफीनामा माँगा। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें फिलहाल गिरफ्तारी से राहत देते हुए अंतरिम संरक्षण दिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को “अश्लील” बताते हुए कोर्ट ने कड़ी नाराज़गी भी जताई।

विवाद के बाद अब रणवीर और अपूर्वा दोनों सोशल मीडिया पर लौट आए हैं। रणवीर ने एक वीडियो संदेश में ‘प्रिय भारत’ कहकर माफी मांगी और लोगों से एक और मौका देने की अपील की। उन्होंने वादा किया कि अब उनका पॉडकास्ट भारत के इतिहास, संस्कृति और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर केंद्रित होगा। वहीं अपूर्वा ने भी इंस्टाग्राम पर अपनी वापसी दर्ज कराई और खुलासा किया कि विवाद के दौरान उन्हें रेप और जान से मारने की धमकियां मिलीं, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई थीं।

फिलहाल महाराष्ट्र साइबर सेल की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button