ताज़ा खबरें

उत्तराखंड में बारिश का कहर… 56 घंटे से बंद है यमुनोत्री हाइवे, 600 यात्री फंसे

उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी है. आलम यह है कि जगह-जगह बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है. कहीं लैंडस्लाइड हो रहे हैं तो कहीं हाईवे पर मलबों का जमावड़ा हो गया है. इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. जिसमें राजधानी देहरादून, नैनीताल और टिहरी सहित कई जिले शामिल हैं.

 

एक बार फिर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक साबित हुआ. देहरादून समेत आस–पास के इलाकों में ज़ोरदार बारिश शुरू हुई. आलम ये है कि कई इलाकों में बारिश होते ही गालियां पानी से लबालब हो गई. गौरतलब है कि सुबह से क्षेत्र में घने काले बादल छाएं हुए हैं. बता दें मौसम विभाग ने आज देहरादून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

 

यमुनोत्री हाइवे पिछले 56 घंटे से बंद है. सिलाई बैंड के पास पैदल जाने के लिए रास्ता बनाया गया है, जहां फंसे हुए स्थानीय ग्रामीणों को निकाला गया है. वहीं लापता मजदूरों की तलाश जारी है. घटना वाली जगह मशीन पहुंच चुकी है. मशीन से मलबे को हटाया जा रहा है. लापता लोगों की तलाश जारी है. घटना वाली जगह की ड्रोन वीडियो सामने आई है, जहां हर तरफ तबाही की तस्वीर देखी जा सकती है. सैकड़ों यात्री यमुनोत्री धाम के यात्रा पड़ाव में फंसे पड़े हैं. कई गांव का जिला मुख्यायल से सम्पर्क कटा हुआ है. जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए. ओजरी के समीप भी सड़क बहने से गीठ पट्टी के कई गांव दूसरे दिन भी जनपद और तहसील मुख्यालय से कटे हुए है.

 

नेशनल हाईवे-534 पर जाफराबाद के पास भारी बारिश के चलते पुलिया ढह जाने से कोटद्वार का अन्य हिस्सों से सीधा सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है. इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क मार्ग बंद होने के कारण अब यात्रियों के पास ट्रेन ही एकमात्र विकल्प बचा है. नतीजा यह हुआ कि कोटद्वार रेलवे स्टेशन में यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी है. ट्रेन में सीटें फुल हो चुकी हैं, प्लेटफॉर्म पर खड़े लोग टिकट और रिजर्वेशन को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं. हालात ये हैं कि ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी शुरू हो चुकी है.

 

यमुनोत्री धाम में भारी बारिश के बाद सड़कें टूट गई हैं, जिसकी वजह से यात्रा से लौट रहे तकरीबन 600 से ज्यादा कई लोग यमुनोत्री धाम में ही रोके गए हैं. यमुनोत्री धाम में 600 से ज्यादा लोग अभी भी फंसे हुए हैं, जिन्हें स्थानीय प्रशासन की तरफ से रोका गया है. सड़क टूटने से यात्रा को रोक दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि आज पैदल यात्रा को सुचारू करने की तैयारी की जा रही है. 28 जून को सिलाई बैंड इलाके में बादल फटने से हाइवे टूटा है.

 

मौसम का असर अब बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर भी दिखाई दे रहा है, जहां 18 से 19 हजार यात्री पिछले दिनों दर्शन के लिए पहुंचे हैं तो वहीं अब संख्या 8 से 10 हजार पर पहुंच गई है. सोमवार को 8 हजार यात्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे. वहीं अभी तक बद्रीनाथ धाम में 10.92 हजार से अधिक यात्री भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर चुके हैं. हालांकि मौसम सामान्य होने के बाद यात्रियों को बद्रीनाथ धाम जाने दिया जा रहा है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button