बीती आधी रात से लगातार हो रही बारिश ने मुंबई की रफ्तार पर लगाम लगा दी. भारी बारिश का असर यह रहा कि मुंबई में यातायात ठप्प पड़ गया. मध्य रेलवे, हार्बर और वेस्टर्न रेलवे की लोकल सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे दफ्तर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
केरल में मानसून के पहुंचने के ठीक एक दिन बाद, रविवार को यह महाराष्ट्र भी पहुंच गया, जहाँ झमाझम बारिश देखने को मिली. रविवार देर रात और सोमवार तड़के मुंबई में हुई भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. जगह-जगह जलभराव और भीषण जाम की स्थिति देखने को मिल रही है, जिससे मानसून से पहले ही शहर की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है. IMD ने मुंबई और महाराष्ट्र के कई इलाकों में सोमवार को भी भारी बारिश की संभावना जताई है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए. बारामती, इंदापूर और सोलापुर के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गईं है. मुंबई के साथ ही अन्य इलाकों में भी तेज बारिश हो रही है. अजित पवार ने अपना बारामती दौरा रद्द कर दिया है.
कई जिलों के लिए अलर्ट जारी
- आज के लिए IMD ने रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
- मुंबई, ठाणे, पालघर और महाराष्ट्र के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- अगले 3-4 घंटों में राज्य के कुछ जिलों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है.
- प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





